आधिकारिक तस्वीरों में दिखा Nissan Magnite का स्पोर्टी केबिन

भारत में लॉन्च होने जा रही निसान मैग्नाइट के केबिन में ड्यूल टोन कलर स्कीम है, जो दिखने में काफी प्रीमियम है

भारतीय बाजार के लिए निसान की पहली सब-4-मीटर एसयूवी निसान मैग्नाइट (Nissan Magnite) इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में बिक्री के लिए उपलब्ध हो जाएगी। इस एसयूवी का एक्सटेरियर डिजाइन अन्य कारों की तुलना में काफी आक्रामक है और अब इसके इंटीरियर की अधिकारिक तस्वीरें भी जारी हुई हैं।

तस्वीरों में स्पष्ट है कि निसान मैग्नाइट एक ड्यूल टोन वाले ब्लैक और रेड कलर के कॉम्बिनेशन में होंगी। रेड कलर या तो सभी ट्रिम्स में स्टैंडर्ड हो सकता है या कार में ‘बॉडी-कलर और ब्लैक’ इंटीरियर थीम हो सकता है। कार के साथ एक शानदार डिजाइन एलिमेंट होगा और इसका दमदार केबिन अपने कॉम्पिटेटर की तुलना में इसे काफी अलग करेगा।

इंटीरियर में टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम भी देखा जा सकता है, जो 8 इंच की यूनिट प्रतीत होती है और AC वेंट के आकार भी काफी अच्छे हैं। डैशबोर्ड में एक हनीकॉम्ब पैटर्न है जो चौड़ाई में फैला हुआ है और काफी प्रीमियम फील देता है। सेंटर कंसोल का डिजाइन भी काफी सिम्पल है।

Nissan Magnite Interiors-2

कार में पुश-बटन स्टार्ट, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल (ऑडियो और क्रूज़ कंट्रोल दोनों के लिए) है और दिलचस्प बात यह है कि आल न्यू डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी होगा। दरअसल इसकी लोकप्रियता दिन ब दिन बढ़ती ही जा रही है। टाटा ने नेक्सन फेसलिफ्ट के साथ भी यह डिजिटल सेटअप प्रदान करती है, जबकि आगामी Kia Sonet भी डिजिटल स्पीडो कंसोल को सपोर्ट करेगा।

मैग्नाइट में पीछे के यात्रियों के लिए एसी वेंट की भी पेशकश की जाएगी, जो विशेष रूप से गर्मियों में यात्रियों के लिहाज से बेहतर होगा। सीट अपहोल्स्ट्री भी ड्यूल-टोन है। आगे और पीछे की सीटों के लिए हेडरेस्ट एडजस्टेबल हैं जबकि पीछे वाली सीट पर फोल्डिंग आर्मरेस्ट भी मिलता है।

Nissan magnite_-2

मैग्नाइट को पावर देने के लिए रेनो ट्राइबर के 1.0-लीटर वाले 3-सिलेंडर नेचुरल एस्पिरेटेड पेट्रोल मोटर का इस्तेमाल किया जाएगा, जो 72ps की पावर और 96nm के टॉर्क जेनरेट करने में सक्षम है। इसके अलावा हम 1.0-लीटर, इनलाइन -3, टर्बो-पेट्रोल पावरप्लांट की भी उम्मीद करते हैं, जो 100 पीएस और 160 एनएम की पावर देने में सक्षम है। ट्रांसमिशन ऑप्शन में 5-स्पीड मैनुअल, 5-स्पीड एएमटी और टॉप-एंड वेरिएंट में सीवीटी भी शामिल हो सकता है।