Nissan Gravite कॉम्पैक्ट एमपीवी को CMF-A मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है और इसमें 1.0 लीटर NA और टर्बो पेट्रोल इंजन का विकल्प मिलेगा
निसान इंडिया ने पुष्टि की है कि उसकी नई कॉम्पैक्ट एमपीवी Gravite को भारतीय बाजार में 17 फरवरी को लॉन्च किया जाएगा। यह नई एमपीवी किफायती 7-सीटर सेगमेंट में निसान की पकड़ मजबूत करेगी और कंपनी की नई इंडिया प्रोडक्ट स्ट्रैटेजी में अहम भूमिका निभाएगी। निसान Gravite, कंपनी की आने वाली नई कारों की लाइनअप का हिस्सा है, जिसमें Tekton C-सेगमेंट SUV और एक बड़ी 7-सीटर SUV भी शामिल होंगी।
निसान Gravite का प्रोडक्शन रेनो-निसान के चेन्नई मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में किया जाएगा, जो ग्लोबल मार्केट के लिए एक्सपोर्ट हब के तौर पर भी काम करेगा। उम्मीद है कि इसकी डिलीवरी अगले महीने से शुरू हो जाएगी। यह एमपीवी CMF-A मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जो पहले से ही लोकलाइज्ड है और Renault Triber के साथ प्लेटफॉर्म साझा करती है।
हालांकि, निसान ने Gravite को अलग पहचान देने के लिए इसमें खास डिज़ाइन दिया है। इसका लुक सीधा और एमपीवी जैसा है, जिससे यह अपने सेगमेंट के हिसाब से सही दिखती है और रेनो ट्राइबर से अलग नजर आती है। लॉन्च से पहले निसान ने Gravite के एक्सटीरियर कलर ऑप्शंस की झलक भी दिखाई है।

यह कार पांच रंगों में उपलब्ध होगी, जिसमें एक खास टील शेड के अलावा व्हाइट, सिल्वर, ब्लैक और ग्रे कलर शामिल हैं।डिज़ाइन हाइलाइट्स में हॉरिजॉन्टल एलईडी डीआरएल, स्लिम हेडलैंप्स और क्रोम फिनिश वाली चौड़ी ग्रिल दी गई है। उभरी हुई बोनट लाइन्स और फ्रंट पर Gravite की ब्रांडिंग इसके लुक को और दमदार बनाती है।
पीछे की ओर, इसमें स्प्लिट एलईडी टेललैंप्स, हॉरिजॉन्टल इंसर्ट, अपराइट टेलगेट, रूफ स्पॉइलर और लेयर्ड बंपर डिजाइन मिलेगा। इंजन की बात करें तो इसमें 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन दिया जाएगा, जो नैचुरली एस्पिरेटेड और टर्बो वर्जन में उपलब्ध होगा। ट्रांसमिशन के लिए मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ऑप्शन मिलने की उम्मीद है।

केबिन के अंदर, निसान Gravite में तीन-रो सीटिंग लेआउट मिलेगा, जो बेहतर स्पेस और फ्लेक्सिबल सीट अरेंजमेंट पर फोकस करेगा। हालांकि अभी पूरे इंटीरियर की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है।