नई फॉक्सवैगन टेरा कॉम्पैक्ट एसयूवी भारत में अगले साल होगी लॉन्च

Volkswagen Tera

नई फॉक्सवैगन टेरा एसयूवी भारत में हाल ही में लॉन्च की गई स्कोडा काइलैक के साथ अपने प्लेटफॉर्म, फीचर्स और इंजन को साझा करेगी

फॉक्सवैगन ने आधिकारिक तौर अपनी आगामी कॉम्पैक्ट एसयूवी के नाम का खुलासा कर दिया है। हाल ही में लॉन्च किए गए स्कोडा काइलैक के समान आर्किटेक्चर पर आधारित इस फॉक्सवैगन एसयूवी को टेरा नाम दिया गया है। इस सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी को अगले साल ब्राज़ील में लॉन्च किया जाएगा और उसके बाद भारत में लॉन्च किया जाएगा। घरेलू बाजार में टेरा के मारुति सुजुकी ब्रेज़ा, हुंडई वेन्यू, टाटा नेक्सन, महिंद्रा एक्सयूवी 3X0, स्कोडा काइलैक के रूप में प्रत्यक्ष प्रतिद्वंद्वी होंगे।

फॉक्सवैगन टेरा स्कोडा काइलैक से प्लेटफॉर्म, हार्डवेयर और इंजन उधार लेगी। हालांकि, नई फ्रंट ग्रिल, बंपर, हेडलैंप सेटअप और टेल-गेट के साथ स्टाइल के मामले में यह अपनी अलग पहचान बनाएगी। स्कोडा और फॉक्सवैगन पहले से ही दो और वाहन साझा करते हैं जिनका नाम कुशाक और ताइगुन और स्लाविया और वर्टस हैं। इन दो यूरोपीय ब्रांडों के लिए यह कोई बहुत नई बात नहीं है।

फॉक्सवैगन टेरा में नवीनतम टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, कनेक्टेड कार तकनीक, मल्टीपल ड्राइव मोड और हाई-एंड म्यूजिक सिस्टम जैसे असंख्य प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है। संपूर्ण वैरिएंट लाइन-अप में मानक के रूप में 6-एयरबैग के साथ सुरक्षा सुविधाएँ भी शीर्ष पर हो सकती हैं।

Volkswagen Tera-2

फॉक्सवैगन ने 2,276 करोड़ रुपये की ‘इंडिया 2.5’ परियोजना शुरू की थी और टेरा सब 4-मीटर एसयूवी की शुरूआत इस परियोजना के अनुरूप है, जो संयंत्र के अधिकतम उपयोग पर केंद्रित है। टेरा में काइलैक जैसा ही 1.0 लीटर TSI पेट्रोल इंजन होगा। यह इंजन 115 बीएचपी की अधिकतम पावर प्रदान करता है जो शहर और राजमार्ग दोनों में ड्राइविंग के लिए पर्याप्त है।

काइलैक के समान, यह टेरा के साथ उपलब्ध एकमात्र इंजन विकल्प होगा। फॉक्सवैगन का भारत में कॉम्पैक्ट वाहनों के मामले में अच्छा समय नहीं रहा है क्योंकि इसकी एमियो सब 4-एम सेडान प्रदर्शन करने में विफल रही और इस प्रकार बाद में इसे घरेलू बाजार से वापस ले लिया गया। इसलिए कंपनी इस बार बेहद सावधानी के साथ आगे बढ़ रही है।

skoda Kylaq-5
skoda Kylaq

मूल रूप से, कंपनी ने भारतीय बाजार में 2028 तक ईवी में निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई थी, लेकिन एसयूवी को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया ने उसे रणनीति बदलने के लिए मजबूर कर दिया। फॉक्सवैगन इंडिया वर्तमान में भारत में तीन मॉडल वर्टस, ताइगुन और टिगुआन की बिक्री करती है। ऑल-इलेक्ट्रिक ID.4 SUV के भारत में जल्द लॉन्च होने की उम्मीद है।