नई Tata Sierra की रिकॉर्ड तोड़ शुरुआत, 24 घंटों के भीतर मिली 70,000 बुकिंग

New Tata Sierra (3)

भारत में नई Tata Sierra तीन इंजन विकल्पों के साथ उपलब्ध है और इसकी डिलीवरी अगले महीने के मध्य से शुरू होगी

नई टाटा सिएरा की वापसी को बाजार में जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। बुकिंग शुरू होने के पहले 24 घंटों के भीतर ही इस एसयूवी को 70,000 से ज्यादा बुकिंग मिल चुकी हैं। इसके अलावा, टाटा मोटर्स ने यह भी बताया है कि करीब 1.35 लाख संभावित ग्राहक पहले ही अपनी पसंद के वेरिएंट कॉन्फ़िगर कर चुके हैं और बुकिंग प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी में हैं।

खास बात यह है कि इसकी बुकिंग 16 दिसंबर को शुरू ही थी, इसके बावजूद सिएरा हाल के वर्षों में टाटा की सबसे मजबूत लॉन्च में से एक बनकर उभरी है। कर्व से ऊपर पोजिशन की गई टाटा सिएरा को नवंबर 2025 के अंत में लॉन्च किया गया था और इसकी कीमत 11.49 लाख रुपये से लेकर 21.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक रखी गई है।

ग्राहक 21,000 रुपये की टोकन राशि देकर इसे डीलरशिप या ऑनलाइन माध्यम से बुक कर सकते हैं, जबकि डिलीवरी 15 जनवरी 2026 से शुरू होने की उम्मीद है। सिएरा को स्मार्ट+, प्योर, प्योर+, एडवेंचर, एडवेंचर+, अकम्प्लिश्ड और अकम्प्लिश्ड+ जैसे कई वेरिएंट्स में पेश किया गया है। यह एसयूवी टाटा के नए ARGOS प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जो कई पावरट्रेन विकल्पों और आधुनिक सेफ्टी फीचर्स को सपोर्ट करता है।

New Tata Sierra (5)

बुकिंग की इस उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के चीफ कमर्शियल ऑफिसर विवेक श्रीवास्तव ने कहा, “इस जबरदस्त प्रतिक्रिया के लिए हम अपने ग्राहकों के तहे दिल से आभारी हैं, जो टाटा सिएरा की प्रतिष्ठित स्थिति को फिर से साबित करती है। अपनी पुरानी पहचान को आगे बढ़ाते हुए, सिएरा ने प्रीमियम मिड-एसयूवी नाम की एक नई कैटेगरी शुरू की है। यह कार आज के ग्राहकों की बदलती जरूरतों और पसंद को ध्यान में रखकर बनाई गई है और मिड-साइज़ एसयूवी को एक नए अंदाज़ में पेश करती है।”

डिजाइन में यह पुराने जमाने की पहचान को आधुनिक स्टाइलिंग के साथ जोड़ती है, जिसमें एलईडी हेडलैंप, फुल-विड्थ लाइट बार और ड्यूल-टोन अलॉय व्हील शामिल हैं। इंजन विकल्पों की बात करें तो इसमें 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल (106 पीएस की पावर/145 एनएम का टॉर्क), 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल (160 पीएस की पावर/255 एनएम का टॉर्क) और 1.5 लीटर डीजल इंजन (120 पीएस की पावर/280 एनएम का टॉर्क) मिलता है।

New Tata Sierra (4)

ट्रांसमिशन के तौर पर 6-स्पीड मैनुअल, टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक और ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक के विकल्प दिए गए हैं। इंटीरियर में ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड, जेबीएल साउंड सिस्टम, पैनोरैमिक सनरूफ, वायरलेस चार्जिंग, पावर्ड टेलगेट, लेवल-2 ADAS और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं।