टाटा का बड़ा दांव: नई सिएरा से SUV मार्केट में 25 फीसदी हिस्सेदारी हासिल करने की तैयारी

New Tata Sierra (5)

नई Tata Sierra को तीन इंजन और तीन गियरबॉक्स विकल्प मिलते हैं और इसकी बुकिंग 16 दिसंबर से शुरू होगी

टाटा मोटर्स ने कुछ दिन पहले नई सिएरा को पेट्रोल और डीजल इंजन के साथ लॉन्च किया है। इसकी कीमत 11.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है। नई सिएरा टाटा की लाइनअप में कर्व के ऊपर रखी गई है और इसे Smart+, Pure, Pure+, Adventure, Adventure+, Accomplished और Accomplished+ ट्रिम्स में पेश किया जाएगा। बुकिंग 16 दिसंबर से शुरू होगी और कस्टमर डिलीवरी जनवरी 2026 के मध्य से शुरू होने की उम्मीद है।

कंपनी को इस नई मिड-साइज़ SUV से काफी उम्मीदें हैं। टाटा का कहना है कि सिएरा की मदद से वह अपनी 16–17 फीसदी की SUV मार्केट हिस्सेदारी को 20–25 फीसदी तक ले जा सकती है। मिड-साइज़ SUV सेगमेंट हर महीने 40,000 से अधिक यूनिट्स की बिक्री दर्ज करता है। कंपनी के अनुसार, नई सिएरा की करीब 60 फीसदी बिक्री पेट्रोल मॉडल्स से आने की उम्मीद है।

सिर्फ नया 1.5-लीटर टर्बो GDI पेट्रोल इंजन ही कुल बिक्री में लगभग 20 फीसदी का योगदान देने वाला है। नई सिएरा तीन इंजन विकल्पों के साथ आती है, जिनमे 1.5-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन 160 पीएस की पावर और 255 Nm का टॉर्क देता है। वही 1.5-लीटर डीजल इंजन 120 पीएस की पावर और 280 Nm का टॉर्क देता है। 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन 106 पीएस की पावर और 145 Nm का टॉर्क डिलीवर करता है।

New Tata Sierra (3)

ट्रांसमिशन के तौर पर ग्राहकों को 6-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक और DCT ऑटोमैटिक के विकल्प मिलते हैं। ARGOS मॉड्यूलर प्लेटफ़ॉर्म पर तैयार नई सिएरा को आधुनिक सेफ्टी स्टैंडर्ड्स के हिसाब से इंजीनियर किया गया है। लॉन्च प्रेजेंटेशन में टाटा ने दो सिएरा SUVs की आमने-सामने क्रैश टेस्ट डेमो भी दिखाया, जिससे उसकी स्ट्रक्चरल मजबूती का पता चलता है।

डिज़ाइन की बात करें तो इसमें पुराने सिएरा की झलक साफ दिखती है। इसमें बॉक्सी शेप, बड़ा ग्लास एरिया, सीधी लाइन्स, पतली हेडलैम्प्स, फुल-विड्थ लाइट बार और डुअल-टोन अलॉय व्हील्स शामिल है। लंबा व्हीलबेस इसे अंदर काफी स्पेस देता है और इसका बूट स्पेस 622 लीटर का है।

New Tata Sierra (4)

इंटीरियर में 3-स्क्रीन डैशबोर्ड सेटअप मिलता है, जिसमें एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, एक टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट डिस्प्ले और एक पैसेंजर-साइड स्क्रीन शामिल है। इसमें JBL ऑडियो सिस्टम, डैश-माउंटेड साउंडबार और Dolby Atmos का सपोर्ट भी मिलता है। अन्य फीचर्स में पैनोरैमिक सनरूफ, वायरलेस चार्जिंग, पावर्ड टेलगेट, फ्लोटिंग सेंटर कंसोल, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, अंडर-थाई सपोर्ट, लेवल-2 ADAS और एक्सटेंडेबल सन वाइज़र शामिल हैं।