नई जेनेरशन टाटा नेक्सन ईवी डिजाइन, फीचर्स और बैटरी पैक विकल्पों के मामले में कर्व से प्रेरणा लेगी
टाटा मोटर्स इस पूरे साल भारतीय बाजार में कई नई एसयूवी पेश करेगी। ब्रांड ने हाल ही में समाप्त हुए भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में प्रोडक्शन-स्पेक हैरियर ईवी का प्रदर्शन किया था, जिसे मार्च 2025 से पहले भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा। वहीं हाल ही में कंपनी ने टियागो हैचबैक और टिगोर सेडान को भी अपडेट किया है।
इसके अलावा, कंपनी ने भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में सिएरा एसयूवी के प्रोडक्शन-रेडी संस्करण का भी अनावरण किया था, जिसे इस साल के अंत में त्योहारी सीजन (अक्टूबर-नवंबर) के आसपास लॉन्च करने की योजना बनाई गई है। नई पीढ़ी की टाटा नेक्सन ईवी को भी लगभग उसी समय घरेलू बाजार में लॉन्च करने की तैयारी है।
सूत्रों के अनुसार, नई पीढ़ी की 2025 टाटा नेक्सन ईवी को टाटा कर्व ईवी की तर्ज पर ही बनाया जा रहा है। घरेलू वाहन निर्माता इसे 45 kWh और 55 kWh जैसे दो बैटरी पैक के विकल्प के साथ पेश कर सकता है। जैसा कि आप जानते हैं, टाटा मोटर्स ने नेक्सन ईवी फेसलिफ्ट को सितंबर 2023 में बाहरी और केबिन के अंदर भारी विजुअल अपडेट के साथ लॉन्च किया था।

2023 में फेसलिफ्टेड नेक्सन ईवी के लॉन्च के बाद, कंपनी ने बड़ी बैटरी के साथ ऑल-इलेक्ट्रिक एसयूवी का एक नया संस्करण पेश किया था। हालांकि, न्यू-जेन मॉडल, पंच और कर्व के फुली-इलेक्ट्रिक वर्जन के रूप में टाटा के एक्टिव.ईवी आर्किटेक्चर पर आधारित होगा। एक बार चार्ज करने पर 45 kWh और 55 kWh बैटरी पैक के साथ इसकी ड्राइविंग रेंज क्रमशः 489 किमी और 585 किमी हो सकती है।
यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या टाटा मोटर्स नेक्सन ईवी के मौजूदा मॉडल पर उपलब्ध 30 kWh बैटरी पैक के साथ बनी रहती है या बड़े बैटरी विकल्पों के लिए रास्ता बनाने के लिए इसे चरणबद्ध किया जाता है। अगर कंपनी नई पीढ़ी की इलेक्ट्रिक एसयूवी के एंट्री-लेवल वेरिएंट में 30 kWh की बैटरी जारी रखती है, तो यह खरीदारों को काफी विविध विकल्प प्रदान करेगी।

इसमें कई एडवांस और प्रीमियम फीचर्स भी होंगे जो मौजूदा मॉडल में नहीं हैं। इन बदलावों में हैंड्स-फ्री बूट लिड, स्मार्ट डोर हैंडल, इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए ट्विन 12.3-इंच स्क्रीन, ADAS तकनीक और 6 एयरबैग के साथ कर्व ईवी से लिए गए कई फीचर्स मिलेंगे। नई इलेक्ट्रिक एसयूवी के ‘summon’ फंक्शन के साथ आने की भी संभावना है, जिसे हमने भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में हैरियर ईवी और सिएरा में देखा था। आपको बता दें कि समन फीचर ड्राइवर इनपुट के बिना सेल्फ-ड्राइविंग मोड एक्टिव करती है।