भारत में नई स्कोडा Kushaq का उत्पादन हुआ शुरू, अगले महीने होगी लॉन्च

New Skoda Kushaq (3)

अपडेटेड स्कोडा Kushaq की डिलीवरी अगले महीने से शुरू होगी और इसमें बाहर और अंदर दोनों जगह कई बदलाव किए गए हैं, साथ ही कई नए फीचर्स और लेटेस्ट टेक्नोलॉजी भी जोड़ी गई है

स्कोडा इंडिया ने अपडेटेड Kushaq का उत्पादन पुणे के पास स्थित चाकन प्लांट में शुरू कर दिया है। यह SUV कंपनी की उस योजना का अहम हिस्सा है, जिसमें ज्यादा से ज्यादा पार्ट्स भारत में बनाकर कीमत को काबू में रखा जाता है, लेकिन क्वालिटी और इंटरनेशनल स्टैंडर्ड से समझौता नहीं किया जाता। इस साल की शुरुआत अपडेटेड मॉडल का खुलासा किया गया था और अब इसकी डिलीवरी मार्च 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।

स्कोडा Kushaq काफी समय से कंपनी की भारत में बिक्री और विदेशों में एक्सपोर्ट, दोनों में अहम भूमिका निभा रही है। यह भारत को ध्यान में रखकर बनाए गए प्रोग्राम की पहली कार थी, जिसे खास तौर पर यहां की सड़कों और मौसम के हिसाब से तैयार किया गया था। कंपनी के अनुसार, इसके फेसलिफ्ट मॉडल को ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। साथ ही, निर्माता ने साल 2025 में 1,17,000 से ज्यादा गाड़ियों की कुल सालाना बिक्री दर्ज की है।

डिजाइन की बात करें तो Kushaq फेसलिफ्ट में कई बड़े बदलाव देखने को मिलते हैं। सामने की ओर नए LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स के साथ रीडिज़ाइन हेडलैंप दिए गए हैं, जिन्हें सेगमेंटेड लाइट स्ट्रिप से जोड़ा गया है। ग्रिल और बंपर को भी नया आकार दिया गया है, जिसमें एंगुलर मेटैलिक एक्सेंट्स शामिल हैं। बोनट पर नया बैज और टेलगेट पर इल्यूमिनेटेड ब्रांड लेटरिंग दी गई है, जिसके साथ स्प्लिट LED टेललैंप मिलते हैं।

New Skoda Kushaq (1)

फीचर्स के मामले में खासतौर पर प्रेस्टीज और मोंटे कार्लो वेरिएंट में बड़े अपडेट किए गए हैं। इनमें पैनोरैमिक सनरूफ, 26.03 सेमी का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वेंटिलेटेड और पावर एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स और 25.6 सेमी का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जिसमें गूगल-आधारित AI असिस्टेंट भी शामिल है। इसके अलावा सेगमेंट-फर्स्ट रियर सीट मसाज फंक्शन, फ्रंट पार्किंग सेंसर्स और एम्प्लीफायर व सबवूफर के साथ अपग्रेडेड ऑडियो सिस्टम भी दिया गया है।

मोंटे कार्लो एडिशन को स्पोर्टी लुक दिया गया है, जिसमें डार्क एक्सटीरियर एलिमेंट्स, रेड ग्रिल हाइलाइट्स, एक्सक्लूसिव बैज, ड्यूल-टोन रूफ और सीक्वेंशियल इंडिकेटर्स शामिल हैं। वहीं प्रेस्टीज वेरिएंट में क्रोम डिटेलिंग, हल्के इंटीरियर शेड्स और क्लासिक डिजाइन थीम पर जोर दिया गया है।

New Skoda Kushaq

इंजन विकल्पों में 1.0-लीटर और 1.5-लीटर TSI टर्बो पेट्रोल इंजन पहले की तरह ही उपलब्ध हैं। हालांकि 1.5-लीटर इंजन में अब रियर डिस्क ब्रेक जोड़े गए हैं। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल, छोटे इंजन के साथ नया 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक और 7-स्पीड ड्यूल-क्लच गियरबॉक्स शामिल हैं।