भारत में नई Skoda Kushaq की बुकिंग हुई शुरू – Massage Seat, 8 Speed AT, Sunroof

नई Skoda kushaq में रियर मसाज सीट, नया फ्रंट और रियर डिज़ाइन के साथ 8-स्पीड टॉर्क कनवर्टर ट्रांसमिशन दिया गया है

स्कोडा ऑटो इंडिया ने भारत में 2026 Skoda Kushaq का खुलासा कर दिया है। नए मॉडल में डिजाइन से लेकर फीचर्स तक कई बदलाव किए गए हैं, जबकि यह SUV पहले की तरह MQB-A0 IN प्लेटफॉर्म पर ही आधारित है। ग्राहक कंपनी की वेबसाइट पर इसकी बुकिंग कर सकते हैं, जिसके लिए 15,000 रुपये की टोकन राशि देनी पड़ेगी।

फ्रंट डिजाइन की बात करें तो 2026 Kushaq में नए डिजाइन के हेडलैम्प्स दिए गए हैं, जिनके साथ नए LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स मिलती हैं। ये DRLs सेगमेंटेड लाइटिंग एलिमेंट्स के जरिए आपस में जुड़ी हुई हैं, जो Skoda के ग्लोबल मॉडल्स से प्रेरित लगती हैं। इसके अलावा ग्रिल को भी नया रूप दिया गया है और अब इसमें नए बंपर के साथ एंगुलर सिल्वर इंसर्ट्स मिलते हैं, जो SUV को ज्यादा प्रीमियम और शार्प लुक देते हैं। बोनट पर Skoda का सिग्नेचर बैज पहले की तरह मौजूद है।

पीछे की तरफ भी बड़ा बदलाव देखने को मिलता है। अब पारंपरिक Skoda लोगो की जगह टेलगेट पर फैला हुआ इल्यूमिनेटेड ‘SKODA’ लेटरिंग दी गई है। इसके साथ स्प्लिट LED टेललैम्प्स मिलते हैं, जो फ्रंट की तरह सेगमेंटेड लाइटिंग थीम को फॉलो करते हैं।

New Skoda Kushaq

इंटीरियर में खास तौर पर ऊंचे वेरिएंट्स में फीचर्स की लिस्ट को काफी अपग्रेड किया गया है। 2026 Kushaq अब Classic+, Signature, Sportline, Prestige और Monte Carlo वेरिएंट्स में उपलब्ध है। Prestige और Monte Carlo ट्रिम्स में सेगमेंट-फर्स्ट रियर सीट मसाजर, पैनोरैमिक सनरूफ, 26.03 सेमी का डिजिटल कॉकपिट और फ्रंट पार्किंग सेंसर्स दिए गए हैं। इसके अलावा वेंटिलेटेड और इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स, एम्प्लीफायर और सबवूफर के साथ अपग्रेडेड साउंड सिस्टम और 25.6 सेमी का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जिसमें Google आधारित AI असिस्टेंट भी दिया गया है।

Monte Carlo वेरिएंट को ज्यादा स्पोर्टी टच दिया गया है, जिसमें एक्सक्लूसिव बैजिंग, रेड ग्रिल एक्सेंट्स, इल्यूमिनेटेड फ्रंट ग्रिल लाइट बैंड, ब्लैक्ड-आउट एक्सटीरियर एलिमेंट्स, ड्यूल-टोन रूफ, सीक्वेंशियल रियर इंडिकेटर्स और लेदरेट अपहोल्स्ट्री शामिल हैं। वहीं Prestige वेरिएंट में क्रोम ग्रिल रिब्स, प्रीमियम बेज इंटीरियर और ज्यादा एलिगेंट लुक मिलता है।

New Skoda Kushaq (1)

इंजन ऑप्शंस में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 2026 Skoda Kushaq में पहले की तरह 1.0 लीटर TSI और 1.5 लीटर TSI टर्बो पेट्रोल इंजन मिलते हैं। 1.5 TSI वेरिएंट में अब रियर डिस्क ब्रेक्स भी दिए गए हैं। ट्रांसमिशन के लिए 1.0 लीटर इंजन के साथ नया 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक और 1.5 लीटर इंजन के साथ 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स मिलता है।