नई Renault Duster की पहली झलक दिखी, 26 जनवरी को होगा खुलासा

New Renault Duster (3)

भारतीय बाजार में नई Renault Duster का खुसाला 26 जनवरी को होगा और यह CMF-B प्लेटफार्म पर आधारित होगी

रेनो ने भारतीय बाजार के लिए अगली पीढ़ी की डस्टर का पहला टीज़र जारी कर दिया है और इसका खुलासा 26 जनवरी 2026 को होगा। टीज़र में नए डिजाइन की झलक दिखती है। सामने आई झलकियों में मजबूत रूफ रेल्स, उभरा हुआ बोनट, स्लीक एलईडी इंडिकेटर्स, पीछे की तरफ एलईडी लाइट बार, रियर वाइपर, नया रेनो लोगो और डार्क ब्लू रंग की बॉडी दिखाई दी है।

प्रोडक्शन-रेडी एसयूवी का आकार और लुक यूरोप में बिकने वाले मॉडल जैसा ही है, लेकिन भारत के लिए इसमें कुछ नए स्टाइलिंग बदलाव किए गए हैं। इसका फ्रंट डिजाइन पहले से ज्यादा शार्प दिखता है, जिसमें हेडलैंप के अंदर एलईडी डीआरएल दिए गए हैं। भारतीय सड़कों को ध्यान में रखते हुए फ्रंट बंपर में हल्का बदलाव किया गया है, हालांकि इसका सीधा और मजबूत लुक अब भी बरकरार है।

साइड प्रोफाइल में उभरी हुई कैरेक्टर लाइन्स, चौकोर व्हील आर्च, मोटी क्लैडिंग और बड़े 18-इंच डायमंड-कट अलॉय व्हील्स देखने को मिल सकते हैं, जिनका डिजाइन Y-शेप का हो सकता है। रूफ रेल्स यूरो-स्पेक मॉडल से मिलते-जुलते हैं, जबकि रियर डिजाइन पूरी तरह नया लग रहा है। इसमें Y-पैटर्न टेललैंप्स की जगह एक लाइट स्ट्रिप दी गई है।

New Renault Duster (4)

नई डस्टर रेनो-निसान के CMF-B प्लेटफॉर्म पर बनी होगी। इस प्लेटफॉर्म को भारत के हिसाब से काफी हद तक लोकलाइज किया गया है, ताकि गाड़ी की कीमत किफायती और प्रतिस्पर्धी रखी जा सके। इस एसयूवी को रेनो की ओरगडम फैक्ट्री में बनाया जाएगा। इसी प्लेटफॉर्म पर आगे चलकर इसके दूसरे वेरिएंट्स भी तैयार किए जाएंगे। इसमें तीन-पंक्ति यानी 7-सीटर मॉडल भी शामिल होगा, जिसे कंपनी अगले वित्त वर्ष में लॉन्च करने की योजना बना रही है।

केबिन की बात करें तो आने वाली डस्टर का इंटीरियर काफी हद तक अंतरराष्ट्रीय मॉडल जैसा हो सकता है। इसमें 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले, साथ ही 7-इंच का पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा मॉडर्न सेंटर कंसोल, इलेक्ट्रॉनिक गियर सेलेक्टर और स्पोर्टी इंटीरियर एक्सेंट्स भी दिए जा सकते हैं।

New Renault Duster (5)

फीचर्स की लिस्ट में वायरलेस चार्जिंग, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, कई टाइप-सी फास्ट चार्जिंग पोर्ट्स, लेवल-2 ADAS सिस्टम और लेदर-रैप्ड स्टीयरिंग व्हील शामिल हो सकते हैं। हालांकि रेनो ने अभी पावरट्रेन को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन भारतीय बाजार के लिए नई डस्टर में दो पेट्रोल इंजन विकल्प मिलने की उम्मीद है, जो मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ पेश किए जाएंगे।