निसान की नई कॉम्पैक्ट एमपीवी स्थानीयकृत प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और इसमें 1.0-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलेगा
भारतीय बाजार में पिछले दो महीनो महीनो में कई नए लॉन्च हुए हैं, जिनमें महिंद्रा XEV 9S, BE 6 फार्मूला एडिशन, नई टाटा सिएरा जैसे नाम शामिल हैं। वहीं नई किआ सेल्टोस का डेब्यू भी हुआ है और 15 दिसंबर को MG हेक्टर फेसलिफ्ट भी लॉन्च होने वाली है। इसी दौरान दिसंबर में एक बजट MPV भी बाजार में आएगी।
निसान ने पुष्टि की है कि वह 18 दिसंबर को अपनी भारत-केंद्रित MPV पेश करेगी। कंपनी पहले ही इसके टीज़र जारी कर चुकी है, और इसके बारे में कई जानकारियाँ भी सामने आ चुकी हैं। हालाँकि निसान ने अभी इसका नाम नहीं बताया है, लेकिन टीज़र और टेस्टिंग के दौरान दिखी तस्वीरों से लगता है कि यह गाड़ी रेनो ट्राइबर जैसी ही होगी और उसी प्लेटफ़ॉर्म पर बनी होगी।
इसकी कुल बॉडी शेप ट्राइबर जैसी है, लेकिन निसान ने इसके फ्रंट हिस्से में काफी बदलाव किए हैं। इसमें बड़ा ग्रिल है जिसमें हेक्सागोनल डिज़ाइन है, नए हेडलैंप दिए गए हैं, और बंपर में C-शेप वाली सजावट है, जिससे MPV ज्यादा मॉडर्न और असरदार दिखाई देती है। इस मॉडल में फंक्शनल रूफ रेल्स और नए डिज़ाइन वाले अलॉय व्हील भी दिए गए हैं, जो इसे रेनो ट्राइबर से अलग लुक देते हैं।

पीछे की तरफ़ बंपर और टेल-लैंप डिज़ाइन में भी हल्के बदलाव देखने को मिल सकते हैं और कुछ अलग कलर ऑप्शंस भी दिए जाएंगे। अंदरूनी डिज़ाइन भी ज्यादातर ट्राइबर जैसा ही होगा, जहाँ बदलाव बहुत कम होने की संभावना है। इसमें 2+3+2 सीटिंग लेआउट देखने को मिलेगा, जहाँ दूसरी पंक्ति स्लाइड, रिक्लाइन और फोल्ड-एंड-टम्बल फंक्शन के साथ आएगी, जबकि तीसरी पंक्ति को हटाकर बूट स्पेस बढ़ाया जा सकेगा।
फीचर्स में 8-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम (वायरलेस Apple CarPlay/Android Auto), 7-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और वायरलेस चार्जर शामिल होने की उम्मीद है। सुरक्षा के लिए फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर, रिवर्स कैमरा, 6 एयरबैग, ESC, HSA और TCS जैसे फीचर मिल सकते हैं।

वहीं इसे पावर देने के लिए 1.0-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है, जो 71 एचपी की पावर और 96 एनएम का टॉर्क देगी। इसमें 5-स्पीड मैनुअल और AMT गियरबॉक्स के विकल्प दिए जा सकते हैं। इसके अलावा निसान अगले साल के मध्य तक अपनी नई एसयूवी टेक्टोन को भी लॉन्च करेगी।