जनवरी 2025 में कई दोपहिया वाहन लॉन्च होंगे, जिनमें इलेक्ट्रिक स्कूटर, अपग्रेडेड बाइक्स और रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650 जैसे नए मॉडल शामिल हैं
2024 अपनी विदाई की ओर है और इंडियन ऑटो मार्केट ने अब नए साल के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। जनवरी 2025 भारतीय दोपहिया उद्योग के लिए एक रोमांचक महीना होगा, जिसमें कई नए लॉन्च होंगे। इसमें बाइक्स और स्कूटर के अपडेट से लेकर नए लॉन्च तक शामिल हैं। आइए इन आगामी टू-व्हीलर्स के बारे में जान लेते हैं।
1&2. होंडा एक्टिवा ई और QC1
होंडा अपने एक्टिवा ई और क्यूसी1 इलेक्ट्रिक स्कूटर को जनवरी में लॉन्च करेगी। ये मॉडल शुरुआत में दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में होंडा के मौजूदा डीलर नेटवर्क के माध्यम से उपलब्ध होगें। एक्टिवा ई: की कीमत लगभग 1.30 लाख रुपये होने की उम्मीद है, जबकि QC1 की कीमत लगभग 1 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है। इलेक्ट्रिक स्कूटरों के लिए बुकिंग 1 जनवरी 2025 से शुरू होगी और डिलीवरी चरणबद्ध तरीके से फरवरी 2025 में शुरू होगी।
3. 2025 केटीएम एडवेंचर
नई जेनेरशन केटीएम 390 एडवेंचर लाइन-अप और 390 एंडुरो आर को 2025 की शुरुआत में लॉन्च करने की तैयारी है। आईबीडब्ल्यू में इन्हें पेश करने के बाद, बुकिंग आधिकारिक तौर पर दिसंबर 2024 में शुरू हो गई है। इच्छुक खरीदार 1,999 रुपये की टोकन राशि देकर अपनी बाइक आरक्षित कर सकते हैं।
वहीं, केटीएम एडवेंचर रेंज हमेशा लोकप्रिय रही है, यह पहली बार है कि ऑस्ट्रियाई ब्रांड भारत में एंड्यूरो सीरीज पेश कर रहा है। हमें उम्मीद है कि एंडुरो आर की कीमत लगभग 3.30 लाख रुपये और एडवेंचर एस की कीमत 3.80 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के करीब होगी।
4. रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650
बहुप्रतीक्षित रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650 EICMA 2024 में अनावरण के बाद जनवरी 2025 में लॉन्च होगी। यह शॉटगन 650 के इंजन और फ्रेम के साथ रॉयल एनफील्ड की सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक, छोटी क्लासिक 350 के डिजाइन और ओवरऑल एस्थेटिक को जोड़ती है। हमे उम्मीद है कि लॉन्च के समय इसकी कीमत लगभग 3.20 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के करीब होगी।
5. रॉयल एनफील्ड स्क्रैम 440
रॉयल एनफील्ड स्क्रैम 440 की आधिकारिक कीमत और डिलीवरी की तारीखों की घोषणा जनवरी 2025 में होगी। हिमालयन 411 और स्क्रैम 411 के समान चेसिस पर आधारित, स्क्रैम 440 एक बोर-आउट इंजन के साथ आती है, जो अपने पूर्ववर्तियों की तुलना में अधिक पावर और टॉर्क प्रदान करता है। इसकी कीमत लगभग 2.30 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) होने की उम्मीद है।
6. हीरो एक्सपल्स 210
नई हीरो एक्सपल्स 210 को भी जनवरी 2025 में लॉन्च किया जा सकता है। इसमें वही 210 सीसी, लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन है, जो करिज्मा एक्सएमआर में मिलता है। ये इंजन 24.8 पीएस की पावर और 20.7 एनएम का टॉर्क प्रदान करता है। एक्सपल्स 200 4V की तुलना में, एक्सपल्स 210 लंबी विंडस्क्रीन, टीएफटी कंसोल और लॉन्ग ट्रैवल सस्पेंशन के साथ आती है।
7. हीरो ज़ूम 125R
हीरो मोटोकॉर्प ने 2023 EICMA इवेंट में ज़ूम 125R का अनावरण किया था, जिससे यह 125cc स्पोर्टी स्कूटर सेगमेंट में एक मजबूत दावेदार के रूप में सामने आया था। इसके जनवरी 2025 के अंत तक लॉन्च होने की उम्मीद है। ज़ूम 125R में 14-इंच के पहिये होने की उम्मीद है और यह हीरो डेस्टिनी 125 में पाए जाने वाले समान 124.6cc इंजन द्वारा संचालित हो सकता है। स्कूटर की कीमत 80,000 रुपये से 90,000 रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच होने का अनुमान है।
8. 2025 टीवीएस रोनिन
अपडेटेड टीवीएस रोनिन को जनवरी 2025 में लॉन्च किया जाएगा। टीवीएस ने गोवा में मोटोसोल 2024 इवेंट में 2025 रोनिन DS का अनावरण किया था। DS संस्करण में अब 2 नए रंग विकल्प और स्टैंडर्ड रूप में डुअल चैनल एबीएस की सुविधा है। अपडेटेड वर्जन की कीमत करीब 1.60 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है।