2026 Maruti Suzuki Brezza में नया डिजाइन, नया इंजन और अंडरबॉडी CNG टैंक समेत कई बड़े अपडेट शामिल हो सकते हैं
फरवरी 2016 में लॉन्च हुई और फिलहाल अपने दूसरे जनरेशन में मौजूद मारुति सुजुकी की ब्रेजा कंपनी के लिए सबसे सफल एसयूवी में से एक रही है और अब तक इसकी 10 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं। जून 2022 में इसे पूरी तरह नए अवतार में पेश किया गया था और अब अगले 1-2 महीनों में इसका फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च होने की उम्मीद है।
मारुति सुजुकी ने नई ब्रेजा की टेस्टिंग काफी पहले शुरू कर दी थी और इसके कई टेस्ट मॉडल भारतीय सड़कों पर देखे जा चुके हैं। अपडेटेड मॉडल में इसे बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के लिए कई कॉस्मेटिक बदलाव किए जाएंगे। एक्सटीरियर की बात करें तो नई ब्रेजा में अपडेटेड हेडलैंप ग्राफिक्स, नए डिजाइन वाले बंपर, नई फ्रंट ग्रिल और रिवाइज्ड लोअर एयर इनटेक मिलने की संभावना है।
इसके अलावा, नए 16-इंच के अलॉय व्हील्स और नए कलर ऑप्शन भी पेश किए जा सकते हैं। इंटीरियर में डैशबोर्ड का डिजाइन बदला जा सकता है और मौजूदा 9-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम की जगह बड़ा 10.1-इंच यूनिट दिया जा सकता है। इसके साथ ही फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ड्राइवर के लिए पावर एडजस्टमेंट के साथ वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और एम्बिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स भी जोड़े जा सकते हैं।

सेफ्टी के मोर्चे पर टॉप वेरिएंट में लेवल-2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) तकनीक भी शामिल की जा सकती है, जिससे ब्रेजा पहले से ज्यादा प्रीमियम और सुरक्षित बन जाएगी। मौजूदा ब्रेजा में 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलता है। हालांकि, यह इंजन 1,200 cc तक के इंजनों पर लागू 18 प्रतिशत GST का लाभ नहीं दिलाता है।
ऐसे में फेसलिफ्ट मॉडल के साथ मारुति सुजुकी 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन पेश कर सकती है, जिससे कुछ वेरिएंट्स कम GST स्लैब का फायदा उठा सकेंगे। यह 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन लगभग 99 एचपी की पावर और 147.6 एनएम का टॉर्क पैदा कर सकता है। इसे 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प के साथ पेश किए जाने की संभावना है।

एक और बड़ा बदलाव CNG वेरिएंट में देखने को मिल सकता है। नई ब्रेजा CNG में अंडरबॉडी CNG टैंक दिया जा सकता है, जिससे बूट स्पेस खाली रहेगा और लंबी यात्राओं के दौरान ज्यादा सामान रखने की सुविधा मिलेगी। हालांकि, CNG वर्जन में मौजूदा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन को ही जारी रखा जा सकता है।