Home कार न्यूज़ भारत में नई Maruti Suzuki Brezza की बुकिंग हुई शुरू, 24 जुलाई...

भारत में नई Maruti Suzuki Brezza की बुकिंग हुई शुरू, 24 जुलाई को होगी लॉन्च

New Maruti Brezza (4)

नई Maruti Suzuki Brezza का डेब्यू 24 जुलाई को होगा और इसमें अपडेटेड एक्सटीरियर, इंटीरियर और नए फीचर्स मिलेंगे

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (MSIL) ने नई 2026 Maruti Brezza के पहले टीज़र के साथ इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है। ग्राहक नई 2026 मारुति Brezza को अपने नजदीकी ARENA डीलरशिप पर या कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए 11,000 रुपये की टोकन राशि देकर बुक कर सकते हैं।

साल 2016 में लॉन्च होने के बाद से Brezza भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली कॉम्पैक्ट SUV बन चुकी है। कंपनी का कहना है कि नई Brezza आधुनिक फीचर्स, नया डिजाइन और कई अपडेट्स के साथ आएगी, जिससे ग्राहकों को पहले से बेहतर अनुभव मिलेगा। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला हुंडई वेन्यू, किआ सोनेट, टाटा नेक्सन, महिंद्रा XUV 3XO जैसी एसयूवी से है।

इस मौके पर Maruti Suzuki India के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग एवं सेल्स) पार्थो बनर्जी ने कहा कि “Brezza ने 2016 से अब तक शानदार सफलता हासिल की है। पिछले 10 वर्षों में 14 लाख (1.4 मिलियन) से अधिक ग्राहकों ने इस SUV पर भरोसा जताया है, जो इसकी लोकप्रियता और सेगमेंट में मजबूत पकड़ को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नई 2026 Brezza ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखकर तैयार की गई है और यह SUV पहले से ज्यादा उत्साह और नए अनुभव के साथ आएगी।”

New Maruti Brezza (2)

इसमें नया फ्रंट और रियर बम्पर, नए अलॉय व्हील्स और कुछ कॉस्मेटिक बदलाव देखने को मिल रहे हैं, जिससे इसका लुक पहले से ज्यादा आकर्षक होगा। केबिन में भी हल्के बदलाव किए जाने की उम्मीद है। इसमें नया इंटीरियर थीम, अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम, नया यूजर इंटरफेस और पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिल सकता है। इसके अलावा मारुति सुजुकी कुछ नए कम्फर्ट और कन्वीनियंस फीचर्स भी जोड़ सकती है।

सबसे बड़ा बदलाव इंजन में देखने को मिल सकता है। नई Brezza में कंपनी पहली बार 1.0-लीटर Boosterjet टर्बो-पेट्रोल इंजन दे सकती है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प के साथ आ सकता है। अगर यह इंजन Brezza में आता है, तो SUV की परफॉर्मेंस बेहतर होगी और यह कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दे सकेगी।

New Maruti Brezza (3)

इसके अलावा मारुति Brezza में मौजूदा 1.5-लीटर K15C DualJet नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन भी मिलता रहेगा। यह इंजन 102 bhp की पावर और 137 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी इसका फैक्ट्री-फिटेड CNG वेरिएंट भी जारी रखेगी, जो 87 bhp की पावर और 121.5 Nm का टॉर्क देगा। साथ ही कंपनी CNG सिलेंडर की पोजिशन में बड़ा बदलाव कर सकती है। मौजूदा मॉडल की तरह बूट स्पेस में सिलेंडर रखने के बजाय इसे कार के फ्लोर के नीचे लगाया जा सकता है। ऐसा करने से बूट स्पेस पहले से ज्यादा मिलेगा। कंपनी यह तकनीक पहले ही Victoris में इस्तेमाल कर चुकी है।