
मारुति सुजुकी ब्रेज़ा के फेसलिफ्टेड वर्जन में मामूली कॉस्मेटिक अपडेट और ज्यादा फीचर्स शामिल होंगे, हालांकि इंजन में बदलाव की उम्मीद नहीं है
मारुति सुजुकी ब्रेज़ा भारतीय बाजार में कंपनी की सबसे अहम और ज्यादा बिकने वाली कॉम्पैक्ट SUV में से एक रही है। खास तौर पर SUV सेगमेंट में मारुति सुजुकी की मजबूत बिक्री में ब्रेज़ा की बड़ी भूमिका रही है। हालांकि, मौजूदा मॉडल को बाजार में आए काफी समय हो चुका है और इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी आने वाले महीनों में इसका फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च करने की तैयारी में है। इसे कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है।
हाल ही में एक बार फिर से 2026 Brezza को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। इससे साफ संकेत मिलता है कि कंपनी इस कॉम्पैक्ट SUV में कुछ अहम बदलाव करने जा रही है। भले ही इसका ओवरऑल साइज और शेप पहले जैसा ही दिखता हो, लेकिन नए मॉडल में ज्यादा फीचर्स और टेक्नोलॉजी मिल सकती है।
सबसे ज्यादा चर्चा CNG वेरिएंट को लेकर हो रही है। माना जा रहा है कि अपडेटेड Brezza में अंडरफ्लोर CNG टैंक दिया जा सकता है, यानी गैस सिलेंडर को बूट स्पेस में रखने के बजाय गाड़ी के नीचे फिट किया जाएगा। अगर यह बदलाव होता है, तो CNG कार खरीदने वालों की सबसे बड़ी परेशानी कम हो जाएगी, जो कि कम बूट स्पेस है। इससे रोजमर्रा के इस्तेमाल में गाड़ी ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगी।

इंटीरियर में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Brezza फेसलिफ्ट में बड़ा 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है, जिसमें बेहतर डिस्प्ले और ज्यादा कनेक्टिविटी फीचर्स होंगे। मौजूदा मॉडल में पहले से ही हेड-अप डिस्प्ले मौजूद है, जिसमें नेविगेशन की जानकारी मिलती है। इसके अलावा, टेस्ट मॉडल से यह भी संकेत मिले हैं कि मौजूदा 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स की जगह नया 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया जा सकता है।
डिजाइन की बात करें तो फ्रंट प्रोफाइल में बहुत बड़े बदलाव नजर नहीं आते हैं, लेकिन नए अलॉय व्हील्स साफ तौर पर देखे गए हैं। साइड से देखने पर बॉडी क्लैडिंग थोड़ी पतली लगती है, जिससे SUV को ज्यादा साफ और प्रीमियम लुक मिल सकता है।इंजन ऑप्शन्स में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। ब्रेज़ा फेसलिफ्ट में वही 1.5-लीटर K15C पेट्रोल इंजन जारी रह सकता है, जो करीब 102 bhp की पावर और 137 Nm का टॉर्क देता है।

वहीं, CNG वेरिएंट में पावर आउटपुट लगभग 87 bhp और 121.5 Nm टॉर्क के आसपास ही रहने की संभावना है। कुल मिलाकर कंपनी फेसलिफ्ट मॉडल के साथ ज्यादा फीचर्स, बेहतर प्रैक्टिकैलिटी और हल्के डिजाइन अपडेट्स के साथ भारतीय कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में अपनी पकड़ को और मजबूत करेगी।