
नई KTM RC 160 में 164.2 सीसी, लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन लगा है जो 160 ड्यूक में भी है और यह 18.73 बीएचपी की पावर और 15.5 एनएम का टॉर्क उत्पन करता है
KTM इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी नई फेयर्ड स्पोर्टबाइक RC 160 को लॉन्च कर दिया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.85 लाख रुपये रखी गई है। नई RC 160, KTM की लाइन-अप में सबसे सस्ती फेयर्ड स्पोर्टबाइक बन गई है और यह RC 200 और RC 390 से नीचे पोजिशन की गई है। यह बाइक ड्यूक 160 के बाद 160cc सेगमेंट में KTM की दूसरी पेशकश है।
जानकारी के लिए बता दें कि KTM Duke 160 को अगस्त 2025 में लॉन्च किया गया था और हाल ही में इसे 5-इंच कलर TFT डिस्प्ले वाले नए वेरिएंट में 1.79 लाख (एक्स-शोरूम) की कीमत पर पेश किया गया था। ऐसे में RC 160, ड्यूक 160 के टॉप वेरिएंट से करीब 6,000 रुपये महंगी है, जबकि LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर वाले ड्यूक 160 वेरिएंट से इसकी कीमत में लगभग 15,000 रुपये का अंतर है।
डिज़ाइन की बात करें तो KTM RC 160 का स्टाइल काफी हद तक RC 200 और RC 390 जैसा ही है। इसी वजह से कम इंजन क्षमता के बावजूद बाइक देखने में बड़ी और दमदार लगती है। यह उन ग्राहकों के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है, जो किफायती कीमत में बड़ी बाइक वाली लुक चाहते हैं।

RC 160 को स्टील ट्रेलिस फ्रेम पर तैयार किया गया है और इसमें RC 200 व RC 390 जैसा ही हार्डवेयर इस्तेमाल किया गया है। सस्पेंशन के लिए आगे की तरफ 37mm USD फ्रंट फोर्क्स और पीछे मोनो-शॉक दिया गया है। ब्रेकिंग के लिए बाइक में आगे 320mm और पीछे 230mm डिस्क ब्रेक मिलते हैं, जिनके साथ ड्यूल-चैनल ABS और सुपरमोटो मोड भी दिया गया है।
बाइक में दोनों तरफ 17-इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जिन पर आगे 110 सेक्शन और पीछे 140 सेक्शन टायर लगे हैं। फीचर्स की बात करें तो इसमें ऑल-LED लाइटिंग, LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, क्लिप-ऑन हैंडलबार और 13.75 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है। फिलहाल RC 160 को एक ही कलर ऑप्शन में लॉन्च किया गया है, लेकिन आने वाले समय में नए रंग जोड़े जा सकते हैं।

इंजन की बात करें तो KTM RC 160 में 164.2cc का सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 18.73 bhp की पावर और 15.5 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आता है, जिसमें असिस्ट और स्लिपर क्लच भी दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, इस बाइक की टॉप स्पीड 118 किमी/घंटा है। भारतीय बाजार में, RC 160 सीधे तौर पर यामाहा R15 V4 को टक्कर देती है, जिसकी कीमत 1.67 लाख रुपये से 1.92 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।