
नई हुंडई Ioniq 5 में एक्सटीरियर और इंटीरियर में कई बदलाव किए गए हैं, साथ ही इसमें नए फीचर्स के साथ बड़ा बैटरी पैक भी मिलता है
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने भारत में अपडेटेड Hyundai Ioniq 5 को 55.70 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर लॉन्च किया है। नए मॉडल में बड़ा बैटरी पैक, अपडेटेड एक्सटीरियर और इंटीरियर डिजाइन, नई कनेक्टेड टेक्नोलॉजी और अतिरिक्त सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं, जिससे कंपनी घरेलू बाजार में अपनी बिक्री बढ़ाने की उम्मीद कर रही है।
नई Ioniq 5 में सबसे बड़ा बदलाव 84.0 kWh बैटरी पैक का है, जो अब ARAI के अनुसार 690 किमी की रेंज देता है। इससे लंबी यात्राओं के दौरान रेंज को लेकर चिंता कम होगी। यह इलेक्ट्रिक कार Hyundai के एडवांस E-GMP (Electric-Global Modular Platform) पर ही आधारित है।
डिजाइन की बात करें तो इसमें Parametric Pixel डिजाइन लैंग्वेज बरकरार रखी गई है, लेकिन फ्रंट और रियर बंपर अपडेट किए गए हैं। साथ ही नए स्किड प्लेट्स, नए अलॉय व्हील्स, नया रियर स्पॉइलर और पीछे V-गर्निश लाइटिंग एलिमेंट दिया गया है।

इंटीरियर में नया 3-स्पोक लेदर स्टीयरिंग व्हील मिलता है, जिसमें चार-डॉट इल्यूमिनेटेड पिक्सल डिजाइन और हीटिंग फंक्शन दिया गया है। सेंटर कंसोल को भी नया डिज़ाइन दिया गया है और वायरलेस चार्जिंग पैड को अपडेट किया गया है। साथ ही अब हीटेड और वेंटिलेटेड सीटों के लिए फिजिकल कंट्रोल्स दिए गए हैं। इसमें पहले की तरह 12.3-इंच के दो डिस्प्ले (इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और इंफोटेनमेंट) मिलते हैं।
टेक्नोलॉजी के मामले में इसमें Connected Car Navigation Cockpit सिस्टम और OTA (Over-the-Air) अपडेट की सुविधा दी गई है। इसमें वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay के साथ Active Sound Design भी मिलता है। इसके अलावा नई इन-कार पेमेंट फीचर के जरिए यूजर सीधे इंफोटेनमेंट स्क्रीन से EV चार्जिंग का भुगतान कर सकते हैं।

Hyundai की Bluelink कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी में अब रिमोट इमोबिलाइजेशन फीचर भी जोड़ा गया है, जिससे सुरक्षा बढ़ती है। सेफ्टी के लिए इसमें Parking Collision-Avoidance Assist (रियर) और Side Parking Distance Warning जैसे नए फीचर्स दिए गए हैं। नई Ioniq 5 चार एक्सटीरियर कलर Gravity Gold Matte, Midnight Black Pearl, Titan Grey और Optic White में उपलब्ध है, जिसमें Obsidian Black इंटीरियर थीम मिलती है।
इस मौके पर Hyundai Motor India के MD और CEO Tarun Garg ने कहा कि “Ioniq 5 कंपनी की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी विजन का एक अहम उदाहरण है। इसने ‘World Car of the Year’ समेत कई ग्लोबल अवॉर्ड्स जीते हैं और डिजाइन, टेक्नोलॉजी व सस्टेनेबिलिटी के नए मानक स्थापित किए हैं। भारत समेत कई बाजारों में इसे ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और यह Hyundai की EV यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।”