नई Hero Glamour X 125 लॉन्च से पहले आई नजर – क्रूज़ कंट्रोल, राइडिंग मोड्स

नई Hero Glamour X 125 में क्रूज़ कंट्रोल, राइडिंग मोड्स, कलर TFT क्लस्टर सहित कई फीचर्स मिलेंगे

हीरो मोटोकॉर्प 125cc सेगमेंट में एक नई मोटरसाइकिल लॉन्च करने के लिए तैयार है। यह कोई और नहीं बल्कि अपडेटेड ग्लैमर 125 है, जिसे पिछले महीने देश में टेस्टिंग के दौरान देखा गया था। भारतीय दोपहिया वाहन निर्माता ने हाल ही में ‘भारत की सबसे फ्यूचरिस्टिक कम्यूटर’ टैगलाइन के साथ एक नई मोटरसाइकिल का टीज़र साझा किया था।

वहीं अब नई हीरो ग्लैमर 125cc कम्यूटर बाइक के बारे में अधिक जानकारी ऑनलाइन लीक हो गई है। लीक हुई तस्वीरों में इसके टैंक पर एक नया लोगो देखा जा सकता है, जिससे पता चलता है कि इसे हीरो ग्लैमर X 125 नाम दिया जाएगा। इस नए वर्ज़न को मौजूदा ग्लैमर 125 के साथ एक ज़्यादा प्रीमियम मॉडल के रूप में बेचा जा सकता है।

नई ग्लैमर 125 X में एक नया पूरी तरह से डिजिटल कलर TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलेगा, और यही यूनिट एक्सट्रीम 250 में भी देखने को मिलती है। इस नई मोटरसाइकिल में सबसे बड़ा बदलाव क्रूज़ कंट्रोल होगा, जो इस सेगमेंट में पहली बार दिया गया है। इसके अलावा, यह हीरो मोटोकॉर्प के लाइन-अप में क्रूज़ कंट्रोल वाली पहली मोटरसाइकिल होगी।

Hero Glamour (1)

अभी तक, हमने केवल प्रीमियम, बड़ी क्षमता वाली मोटरसाइकिलों में ही क्रूज़ कंट्रोल देखा है, और कम्यूटर सेगमेंट में इसे शामिल करने से यह बाज़ार में एक बड़ा बदलाव लाएगा। इसके अलावा, एक नया स्विच गियर कंसोल भी पैकेज का हिस्सा होगा, जिसमें स्टार्ट-स्टॉप बटन और क्रूज़र कंट्रोल दाईं ओर होंगे, जबकि इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और राइडिंग मोड बटन के कंट्रोल हैंडलबार के बाईं ओर होंगे।

हीरो ग्लैमर एक्स 125 में तीन राइडिंग मोड होंगे, जिनमें इको, रोड और पावर शामिल हैं। इसके अलावा, इस 125 सीसी मोटरसाइकिल में लईडी हेडलैंप और आपके दस्तावेज़ों को सुरक्षित रखने के लिए एक छोटा अंडर-सीट स्टोरेज बॉक्स भी होगा। डिज़ाइन की बात करें तो, हमें नए बॉडी ग्राफ़िक्स और रंग विकल्पों सहित कुछ छोटे-मोटे बदलावों की उम्मीद है।

Updated Hero Glamour

नई हीरो ग्लैमर एक्स 125 में पहले जैसा ही 124.7 सीसी सिंगल-सिलेंडर एयर-कूल्ड इंजन लगा होगा, जो 10.7 बीएचपी की पावर और 10.6 एनएम का पीक टॉर्क उत्पन करता है। यह इंजन 5-स्पीड गियरबॉक्स से जुड़ा है। इसकी कीमत 95,000 रुपये से 1 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच होने की उम्मीद है। लॉन्च होने के बाद, ग्लैमर एक्स 125 का मुकाबला टीवीएस रेडर 125 और हाल ही में लॉन्च हुई होंडा सीबी125 हॉर्नेट जैसी बाइक्स से होगा।