
नई Nissan Tekton एसयूवी में 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल, 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.8-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है
निसान ने अपनी आगामी Tekton SUV की एक और टीज़र तस्वीर जारी की है। इसका ग्लोबल डेब्यू 9 जुलाई को होने वाला है। टीज़र में Tekton को कंपनी की फ्लैगशिप एसयूवी Patrol के साथ दिखाया गया है, जिससे साफ पता चलता है कि नई एसयूवी को Patrol एसयूवी से डिज़ाइन एलिमेंट्स मिले हैं। माना जा रहा है कि यह SUV भारत समेत कई बाजारों में Nissan की ग्रोथ का अहम हिस्सा बनेगी।
टीज़र में Tekton का सीधा और मजबूत स्टांस साफ नज़र आता है। इसका बॉक्सी फ्रंट डिजाइन और चौड़ी ग्रिल निसान Patrol से प्रेरित लगती है। हालांकि, Tekton को अलग पहचान देने के लिए इसमें फ्रंट में फुल-विड्थ LED लाइट बार दी गई है। साथ ही बीच में इल्लुमिनेटेड Nissan लोगो, पतली DRLs और वर्टिकल LED लाइटिंग शामिल हैं।
नई Tekton में ऊंचा बोनट, बड़ी बॉडी, रूफ रेल्स और मजबूत बंपर दिए गए हैं, जो इसे सड़क पर दमदार लुक देते हैं। इसके व्हील आर्च भी काफी मस्कुलर नज़र आते हैं। वहीं, बोनट के आगे बड़े अक्षरों में “TEKTON” लिखा हुआ दिखाई देता है। नई निसान Tekton उसी प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जिस पर हाल ही में लॉन्च हुई नई रेनो Duster तैयार की गई है।

इसकी लंबाई करीब 4.3 मीटर हो सकती है, जिससे यह मिडसाइज SUV सेगमेंट में उतरेगी। भारत सहित कई बाजारों के लिए इसका तीन-पंक्ति (3-Row) सीटिंग वाला वर्जन भी भविष्य में लाया जा सकता है। इंजन विकल्पों में 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल, 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.8-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन शामिल हो सकते हैं।
ग्राहकों को मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दोनों विकल्प मिलने की उम्मीद है। फीचर्स की बात करें तो नई Tekton में फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, पैनोरैमिक सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड और पावर्ड सीट्स तथा एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं।
इसके अलावा, निसान भविष्य के लिए एक किफायती इलेक्ट्रिक कार पर भी काम कर रही है। हालांकि, फिलहाल कंपनी की सबसे बड़ी उम्मीद नई Tekton SUV और इसके आने वाले 3-रो वर्जन से जुड़ी हुई है। ये दोनों मॉडल भारत समेत कई बाजारों में निसान की बिक्री बढ़ाने और ब्रांड की मौजूदगी मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।