नई टोयोटा Fortuner के 2026 के आखिर या 2027 की शुरुआत में वैश्विक स्तर पर लॉन्च होने की उम्मीद है
टोयोटा Fortuner ने भारत जैसे बाजारों में लॉन्च के बाद से ही अपनी मजबूत बनावट और दमदार रोड प्रेजेंस के जरिये खास पहचान बनाई है। अब टोयोटा इसके नए जनरेशन मॉडल पर काम कर रही है, जिसका ग्लोबल डेब्यू 2026 के आखिर या 2027 की शुरुआत में हो सकता है। सबसे बड़ा बदलाव इसके प्लेटफॉर्म में देखने को मिलेगा।
नई फॉर्च्यूनर में TNGA-F प्लेटफॉर्म मिलने की उम्मीद है, जो नई टोयोटा Hilux में भी इस्तेमाल होता है। यह प्लेटफॉर्म मौजूदा मॉडल से ज्यादा एडवांस होगा, जिससे गाड़ी की मजबूती, राइड क्वालिटी और ऑफ-रोड क्षमता बेहतर होगी। इस 7-सीटर SUV में फीचर्स और टेक्नोलॉजी के मामले में भी बड़ा अपग्रेड मिल सकता है।
इसमें नया डैशबोर्ड, दो बड़े 12.3-इंच स्क्रीन (एक इंफोटेनमेंट और एक ड्राइवर डिस्प्ले के लिए), कनेक्टेड टेक्नोलॉजी, ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट्स और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं। डिजाइन की बात करें तो नई फॉर्च्यूनर पहले से ज्यादा अग्रेसिव और मॉडर्न दिख सकती है।

इसमें शार्प LED हेडलैम्प, बड़ी ग्रिल, नया बंपर डिजाइन और नए अलॉय व्हील्स मिल सकते हैं। पीछे की तरफ फुल-विड्थ LED लाइट बार और टेलगेट पर बड़ा “Fortuner” बैज देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, नए मॉडल में पैनोरैमिक सनरूफ, बेहतर क्लाइमेट कंट्रोल और ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) जैसे फीचर्स भी जोड़े जा सकते हैं।
अभी इस SUV की टेस्टिंग विदेशों में चल रही है, जिससे साफ है कि इसका डेवलपमेंट काफी आगे बढ़ चुका है। हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक लॉन्च डेट का ऐलान नहीं किया है। ग्लोबल लॉन्च के बाद इसे भारत में भी जल्द लाया जा सकता है, क्योंकि यहाँ इसकी काफी लोकप्रियता है।

इसके अलावा टोयोटा भारत में जल्द ही अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी Ebella को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इसमें दो फ्रंट-व्हील-ड्राइव बैटरी विकल्प मिलेंगे, जिनमें 49 kWh बैटरी पैक करीब 142 bhp की पावर देगा, और दूसरी बड़ी 61 kWh बैटरी, जो लगभग 171.5 bhp और 189 Nm टॉर्क जनरेट करेगी। बड़ी बैटरी के साथ एक बार चार्ज करने पर करीब 543 किमी की ड्राइविंग रेंज मिलने का दावा किया गया है। साथ ही, दोनों वेरिएंट में नॉर्मल AC चार्जिंग और CCS2 DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलेगा।