भारत में नई जेनरेशन रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 को 349.34 सीसी, सिंगल-सिलेंडर, फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन के साथ आने वाले हफ्तों में लॉन्च किया जाएगा
भारत में नई जेनरेशन रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 अब अपने लॉन्च के काफी करीब है और यह जल्द ही खरीददारों को लिए भारतीय बाजार में उपलब्ध होगी। कंपनी देश में नई जेनरेशन क्लासिक 350 को आगामी 27 अगस्त को लॉन्च कर सकती है और कुछ डीलरशिप पर नई क्लासिक 350 की अनौपचारिक बुकिंग भी शुरू हो गई है।
हाल ही में लीक हुई एक जानकारी की मानें तो 2021 रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 की कुल लंबाई 2,145 मिमी, चौड़ाई 785 मिमी और ऊंचाई 1,090 मिमी होगी। बाइक में 1,390 मिमी का व्हीलबेस होगा। इस तरह मौजूदा मॉडल की तुलना में नई क्लासिक 350 मोटरसाइकिल 15 मिमी लंबी, 5 मिमी चौड़ी है, लेकिन इसकी ऊंचाई पहले की तरह 1,090 मिमी होगी।
इसके अलावा 1,390 मिमी का व्हीलबेस भी पहले की तरह होगा। इसका सकल वाहन वजन 375 किलो होगा। लीक डॉक्यूमेंट यह भी पुष्टि करता है कि यह नई मोटरसाइकिल 349.34 सीसी, सिंगल-सिलेंडर फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन द्वारा संचालित होगी और मीटिओर 350 क्रूजर की तरह ही यह भी एयर और ऑयल-कूल्ड यूनिट होगा।
यह इंजन 6,100 आरपीएम पर 19.94 एचपी की पावर और 27 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करने में सक्षम होगा और इसे पांच-स्पीड ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा जाएगा। इसके अलावा बाइक में सिंगल ओवरहेड कैम सेटअप होगा, जिसमें बैलेंसर शाफ्ट की मौजूदगी से ओवरआल कंपन को कम करने में मदद मिलेगी। अपग्रेड इंजन शीर्ष गति पर बेहतर एक्सिलेटर के साथ आरामदायक राइडिंग का अनुभव देने में सक्षम होगा।
नए जेनरेशन के साथ क्लासिक 350 के डिजाइन में कुछ बदलाव किए गए हैं। हालांकि इसके रेट्रो स्टाइल को बकरार रखा गया है। इसमें राउंड हेडलैंप, टियर-ड्रॉप शेप्ड फ्यूल टैंक और टर्न इंडिकेटर्स, और चौड़े रियर फेंडर जैसे सिग्नेचर रेट्रो एलिमेंट हैं और मिड सेट फुट पेग्स व एर्गोनोमिकली शेप्ड हैंडलबार के साथ एक आरामदायक राइडिंग स्टांस प्रदान करने में मदद करेगी। बाइक सिंगल-सीट और डुअल-सीट दोनों वेरिएंट में पेश की जाएगी।
नई क्लासिक 350 पिछले साल लॉन्च की गई मीटिओर 350 की तरह नए J प्लेटफ़ॉर्म पर आधारित होगी और फीचर्स के रूप में इसे सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल मिलेगा, जो एनालॉग स्पीडोमीटर व ओडोमीटर और फ्यूल इंडीकेटर के लिए डिजिटल डिस्प्ले को जोड़ता है। यह ट्रिपर नेविगेशन सिस्टम से भी लैस होगी, जो कि गंतव्य के लिए नेविगेशनल एरो को प्रदर्शित करता है और ब्लूटूथ के माध्यम से यूजर्स के स्मार्टफोन के साथ जुड़कर कार्य करता है।