
नई जेनेरशन मारुति सुजुकी डिजायर में पूरी तरह से अपडेटेड एक्सटीरियर और इंटीरियर होगा और साथ ही इसे नए फीचर्स भी मिलेंगे
भारत में नई पीढ़ी की मारुति सुजुकी डिजायर का लॉन्च बिल्कुल नई स्विफ्ट के आने के कुछ महीनों के बाद होने की उम्मीद है। अपने हैचबैक सिब्लिंग के नक्शेकदम पर चलते हुए, चौथी पीढ़ी की डिजायर में एक इवोल्यूशनरी डिजाइन, इंटीरियर में पर्याप्त अपडेट और इक्विपमेंट्स की एक लंबी लिस्ट मिलने की उम्मीद है।
आगामी मारुति कॉम्पैक्ट सेडान स्विफ्ट के साथ नए 1.2-लीटर तीन-सिलेंडर इंजन, कोडनेम Z12 को साझा करने के लिए तैयार है। ये इंजन संभवतः मैनुअल, ऑटोमैटिक और सीएनजी विकल्पों के साथ उपलब्ध होगा, जो उपभोक्ताओं के लिए एक व्यापक रेंज प्रदान करेगा। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी का लक्ष्य इस व्यापक अपडेट के साथ भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली सेडान के रूप में डिजायर की स्थिति को बनाए रखना है।
2024 मारुति सुजुकी स्विफ्ट के टेस्टिंग मॉडल को पहले ही भारतीय सड़कों पर देखा जा चुका है और इसे अगले साल की शुरुआत में पेश किया जाएगा। इस प्रकार बिल्कुल नई डिजायर के 2024 के मध्य तक उपलब्ध होने की संभावना है लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

उम्मीद है कि इसकी कीमत मौजूदा मॉडल से थोड़ी अधिक होगी। आगामी डिजायर का डिज़ाइन नई स्विफ्ट के समान होगा, क्योंकि फ्रंट फेसिया में एक अपडेटेड ग्रिल, एल-आकार की एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट्स के साथ नए एलईडी हेडलैंप, अपडेटेड बम्पर और क्लैमशेल-आकार की बोनट संरचना हो सकती है।
अन्य एक्सटीरियर हाइलाइट्स में नए डिजाइन किए गए 16-इंच के अलॉय व्हील, सी-आकार के एलईडी टेल लैंप, अपडेटेड टेलगेट और एक नया रियर बम्पर शामिल होगा। भारतीय बाजार में ये होंडा अमेज और टाटा टिगोर से प्रतिस्पर्धा जारी रखेगी। यहाँ दिखाए गए अनुमानित रेंडरिंग मॉडल से आप अपकमिंग कार के बारे में एक अनुमान लगा सकते हैं।

फीचर्स लिस्ट भी अधिक प्रीमियम होगी और ये नई पीढ़ी की स्विफ्ट के समान रहने वाली है। ग्लोबल मार्केट में बिकने वाली 2024 स्विफ्ट में ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, 360-डिग्री कैमरा सिस्टम, स्टार्ट/स्टॉप फ़ंक्शन, कनेक्टिविटी ऑप्शन के साथ 9-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ADAS-आधारित ड्राइवर असिस्टेंस सेफ्टी फीचर्स आदि मिलते हैं।