नई जेनरेशन मारूति सुजुकी सेलेरियो को कंपनी के मॉड्यूलर हार्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर विकसित किया जाएगा और इसे पावर देने के लिए 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन मिल सकता है
अब यह कोई रहस्य नहीं रह गया है कि मारूति सुजुकी अपनी प्रमुख हैचबैक मारूति सुजुकी सेलेरियो के दूसरे जेनरेशन को भारत में लॉन्च करने की योजना बना रही है। इस आगामी कार को भारत की सड़कों पर कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। नई सेलेरियो अपने वर्तमान मॉडल के मुकाबले आकार में बड़ी होगी और इसके एक्सटीरियर और इंटीरियर में भी कई अपडेट देखने को मिलेंगे।
हालांकि मारूति सुजुकी ने अभी नई सेलेरियो के लॉन्च के बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन खबरों की मानें तो इसे सितंबर 2021 में भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा। हाल ही में 2021 मारुति सेलेरियो का पेटेंट डिजाइन भी लीक हुआ था, जिससे इस कार के डिज़ाइन के बारे में काफी कुछ पता चलता है। नई सेलेरियो में मौजूदा पीढ़ी के स्क्वायरिश स्टांस के मुकाबले ज्यादा कोणीय एलिमेंट देखने को मिलेंगे, जबकि फ्लैटिस ओवल ग्रिल और मिनिमल क्रीज के साथ नया बम्पर इसे फ्रेश लुक देते हैं। कार में ट्रैंगुलर आकार के हेडलैम्प हैं और इसे एक पतली क्रोम स्ट्रिप के माध्यम से जोड़ा गया है।
फॉग लैंप के चारों ओर और एप्रन पर ब्लैक एलिमेंट इसके स्पोर्टी फ्रंट फेसिया को और भी दमदार बनाते हैं, जबकि साइड प्रोफाइल पर ट्रैंगुलर क्रीज जारी रहेगी। लंबी पतली रूफलाइन संकेत देती है कि नई सेलेरियो एक लंबे व्हीलबेस के साथ होगी और इसमें मौजूदा मॉडल की तुलना में बड़ा केबिन होगा। रियर सेक्शन को भी नए डिज़ाइन वाले रैपराउंड टेललैंप्स और बंपर के साथ रिवाइज किया जाएगा।
इंटीरियर की बात करें तो अभी नई सेलेरियो के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ सकी है, लेकिन इसे टचस्क्रीन स्मार्टप्ले स्टूडियो इंफोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है, जो कि एंड्राइड ऑटो और ऐप्पल कार को सपोर्ट करता है। फीचर्स के रूप में सेलेरियो को स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स, कीलेस एंट्री, पावर एडजस्टेबल और फोल्डेबल ओआरवीएम और कई अन्य फीचर्स मिल सकते हैं।
नई सेलेरियो को कंपनी के मॉड्यूलर हार्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर विकसित किया जाएगा और पावर देने के लिए इसमें एक नए रिफाइंड 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह इंजन वैगनआर में 83 बीएचपी की पावर और 113 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है, जबकि मौजूदा 1.0 लीटर पेट्रोल इंजन को जारी रखा जाएगा। यह इंजन 67 बीएचपी की पावर और 90 न्यूटन मीटर का टार्क उत्पन करता है।
वहीं वैकल्पिक सीएनजी किट की पेशकश जारी रहेगी, जो कि किफायती खरीदारों के लिए बढ़िया है। हैचबैक को 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स के साथ पेश किया जाएगा। वर्तमान में मारुति सेलेरियो की कीमत 4.65 लाख रूपए से लेकर 5.90 लाख (एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) के बीच है वहीं अगली पीढ़ी के मॉडल की कीमत इससे थोड़ी अधिक होगी।