भारत में नई जेनरेशन मारूति सुजुकी ब्रेजा को मई-जून के आस-पास इंटीरियर और एक्सटीरियर में बड़े पैमाने पर अपडेट के साथ लॉन्च किया जा सकता है
भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने नवंबर 2021 से सेलेरियो के नए जेनरेशन के साथ अपनी नई रणनीति पर कार्य करना शुरू किया था। हाल ही में कंपनी ने वैगनआर फेसलिफ्ट, बलेनो फेसलिफ्ट, डिजायर सीएनजी और सेलेरियो सीएनजी को लॉन्च किया था। हालाँकि कंपनी यहीं नहीं रूकना चाहती है, बल्कि उसकी पाइपलाइन में कई नई कारें भी शामिल हैं। कंपनी भविष्य में देश में नई ऑल्टो, ब्रेज़ा, अपडेटेड एर्टिगा, एक्सएल6 फेसलिफ्ट, नई मिडसाइज एसयूवी, बलेनो पर आधारित क्रॉसओवर को भी लॉन्च करेगी।
इनमें से एर्टिगा और एक्सएल6 फेसलिफ्ट के सबसे पहले लॉन्च होने की उम्मीद है, जिन्हें अगले महीने किसी भी समय देश में पेश किया जा सकता है। इसके बाद मारुति अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी ब्रेजा के नए जेनरेशन को लॉन्च करेगी। नई ब्रेजा को देश में कई मौकों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जबकि यह एक बार फिर से नजर आई है। नई ब्रेजा पहले की तरह ही सुजुकी ग्लोबल सी प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, लेकिन अब इसमें और ज्यादा अपमार्केट डिज़ाइन एलिमेंट मिलेंगे।
तस्वीरों की मानें तो नई ब्रेजा में नए फ्रंट ग्रिल के साथ संशोधित फ्रंट और रियर स्टाइल, अपडेटेड बंपर और स्लिम ट्विन-पॉड हेडलैंप के साथ एल-आकार की एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट के साथ एक नया क्लैमशेल हुड होगा। इसमें नए फ्रंट फेंडर, फिर से डिज़ाइन किया गया टेलगेट, रैप अराउंड टेल लैंप और एक फॉक्स स्किड प्लेट भी शामिल है।
तस्वीरें नई जेनरेशन ब्रेजा में नए डिजाइन वाले ड्यूल टोन अलॉय व्हील्स की भी पूष्टि करती हैं। वहीं इंटीरियर की बात करें तो इसमें कुछ नए उपकरण मिलेंगे, जिनमें बेहतर गुणवत्ता वाले प्लास्टिक और नए तकनीकी फीचर होंगे। कार को नए डिज़ाइन वाला सेंटर कंसोल और डैशबोर्ड मिलेगा, जबकि सनरूफ, स्टीयरिंग माउंटेड ऑडियो कंट्रोल्स, कनेक्टेड फीचर्स, वायरलेस चार्जिंग सिस्टम, एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले के साथ एक नया फ्लोटिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम भी पैकेज का हिस्सा होगा।
एसयूवी के टॉप वैरिएंट को सुरक्षा के लिए 6 एयरबैग भी मिलेंगे, जबकि इसमें हेड-अप डिस्प्ले मिलने की भी संभावना है। जैसा कि हाल ही में लॉन्च हुई बलेनो में देखा गया है। ब्रेज़ा 4-स्टार ग्लोबल NCAP सेफ्टी रेटिंग के साथ मारूति सुजुकी की सबसे सुरक्षित मारुति कार है और इसमें ज्यादा सुरक्षा सुविधाओं और ज्यादा मजबूत स्टील के इस्तेमाल के साथ सुरक्षा में भी सुधार की संभावना है।
इसे पावर देने के लिए मौजूदा 1.5 लीटर, 4 सिलेंडर, पेट्रोल इंजन मिलेगा। वर्तमान में यह इंजन 105 एचपी की पावर और 138 एनएम का टॉर्क विकसित करता है। इसमें बेहतर माइलेज की पेशकश करने के लिए एक बेहतर हाइब्रिड सिस्टम मिल सकता है और पावरट्रेन को मानक के रूप में 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा जाएगा और 4-स्पीड एटी को 6-स्पीड एटी द्वारा बदला जा सकता है।