नई जेनरेशन महिंद्रा स्कॉर्पियो ऑफ-रोड टेस्टिंग के दौरान आई नज़र

2022 महिंद्रा स्कॉर्पियो को 2.2-लीटर, 4-सिलेंडर, एमहॉक, टर्बोचार्ज्ड डीजल और 2.0-लीटर, 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन के साथ 2022 के मध्य में लॉन्च किया जा सकता है

भारत की दिग्गज कार निर्माता कंपनी महिंद्रा भारत में अपनी लोकप्रिय एसयूवी स्कॉर्पियो के नए जेनरेशन को लॉन्च करने के लिए तैयार है। उम्मीद है कि इस नई एसयूवी को देश में जून 2022 तक लॉन्च किया जाएगा। भारत में लॉन्च होने से पहले नई स्कॉर्पियो को कई मौकों पर टेस्टिंग के दैरान देखा गया है, जिससे इसके बारे में काफी जानकारी मिली है।

हाल ही में इसे एक बार फिर से देखा गया है और वास्तव में इस एसयूवी की ऑफ रोडिंग टेस्टिंग लद्दाख में की जा रही थी, जिसका वीडियो एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किय़ा गया है। यहाँ आप 2022 महिंद्रा स्कॉर्पियो को लेह/लद्दाख पहाड़ों पर ऑफ-रोड परीक्षण करते हुए देख सकते हैं और प्रोटोटाइप मॉडल को एक खड़ी पहाड़ी से नीचे चलाया जा रहा था।

परीक्षण मॉडल कवर किया गया है लेकिन कुछ डिज़ाइन विवरण स्पष्ट रूप से देखे जा सकते हैं, जिसमें नई एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट्स, नए वर्टिकल स्लैट्स के साथ फिर से डिज़ाइन किया गया फ्रंट ग्रिल और बोनट शामिल है। महिंद्रा नए जेनरेशन के साथ स्कॉर्पियो के मूल कैरेक्टर को बरकरार रखते हुए आधुनिक डिजाइन और कई ट्रेंडी इक्वीपमेंट से लैस करके इसकी पेशकश को खास बनाएगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक 2022 महिंद्रा स्कॉर्पियो इन-कार कनेक्टेड टेक्नोलॉजी के साथ नौ इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, सीक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर्स, 360 डिग्री कैमरा, डुअल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल सिस्टम, छह एयरबैग, टेरेन मोड, क्रूज कंट्रोल, इंजन स्टार्ट/स्टॉप बटन आदि सुविधाओं के साथ आएगी।

नई स्कॉर्पियो अपने मौजूदा मॉडल की तुलना में आकार में भी बड़ी होगी। 2022 महिंद्रा स्कार्पियो को पावर देने के लिए 2.2-लीटर, 4-सिलेंडर, एमहॉक, टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन मिलेगा, जो कि दो स्टेट में उपलब्ध होगा। रिपोर्ट के मुताबिक 2.2-लीटर, 4-सिलेंडर, एमहॉक, टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन एंट्री-लेवल ट्रिम में 130 बीएचपी की पावर विकसित करने में सक्षम होगा, जबकि अन्य वेरिएंट में यह 160 या 170 बीएचपी की पावर विकसित करेगा। इसके अलावा एसयूवी को 2.0-लीटर, फोर-सिलेंडर, एमस्टेलियन, पेट्रोल इंजन भी मिलेगा जो 150 बीएचपी की पावर विकसित करता है।

दोनों इंजन स्टैंडर्ड के रूप में 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध होंगे, जबकि 6-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक मॉडल के साथ उपलब्ध होगा। इसके अलावा डीजल इंजन को वैकल्पिक 4WD सिस्टम भी दिया जाएगा। उम्मीद है कि नई स्कॉर्पियो खरीददारों के लिए 6-सीटर और 7-सीटर कॉन्फ़िगरेशन में उपलब्ध होगी, जबकि एक अन्य खबर की मानें तो कंपनी नई स्क़ॉर्पियो के साथ मौजूदा स्कॉर्पियो को फेसलिफ्ट अपडेट देकर जारी रख सकती है।