नई जेनरेशन हुंडई वेर्ना सेडान के 2022 के अंत में या 2023 की शुरुआत में कई एक्सटीरियर और इंटीरियर बदलावों के साथ लॉन्च होने की उम्मीद है
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने अपनी प्रमुख सेडान हुंडई वेर्ना को मूलरूप से साल 2006 में लॉन्च किया था। लेकिन पिछले साल इस मिड-साइज़ सेडान में कई बदलाव हुए, जिसमें मौजूदा पीढ़ी के जीवनकाल को बढ़ाने के लिए तीन इंजनों की शुरुआत शामिल थी, जो 2017 से बिक्री पर है। हाल के वर्षों में सी-सेगमेंट सेडान की लोकप्रियता काफी कम हो गई है।
वेर्ना लंबे समय से सेगमेंट में एक अच्छा विक्रेता रही है और इसे होंडा सिटी से प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है जबकि मारुति सुजुकी सियाज, स्कोडा रैपिड, फॉक्सवैगन वेंटो और टोयोटा यारिस इसकी अन्य प्रतिद्वंद्वी हैं। 2020 में होंडा ने अपने बिक्री चार्ट को मजबूत करने के लिए पांचवीं पीढ़ी की होंडा सिटी को बाहरी और आंतरिक डिज़ाइन के साथ पेश किया था।
वहीं स्कोडा रैपिड और फॉक्सवैगन वेंटो की जगह लेने वाली दो नई सेडान आने वाले दिनों में भारतीय बाजार में भारी स्थानीयकृत MQB AO IN प्लेटफॉर्म पर विकसित होंगी। इसके अलावा टोयोटा भी मारुति सुजुकी सियाज के रीबैज वर्जन के साथ अपनी सेडान टोयोटा यारिस को बदलने जा रही है।

टोयोटा इस नई सेडान को संभवतः टोयोटा बेल्टा या कोरोला क्वेस्ट के नाम से लॉन्च कर सकती है, जिसकी बिक्री भारतीय बाजार में आने वाले महीनों में शुरू होगी। इस तरह हम वेर्ना के साथ भी यही उम्मीद करते हैं कि इसके नए जेनरेशन को साल 2022 के अंत या 2023 की शुरूआत में लॉन्च किया जाएगा।
हालांकि हुंडई वेर्ना को समय समय पर मिड लाइफ फेसलिफ्ट जरूर प्राप्त हुआ है और पिछले डेढ़ दशक में वेर्ना को अलग-अलग डिज़ाइनों को अपनाते हुए देखा गया है, लेकिन नई पीढ़ी कंपनी के नए सेंसियस स्पोर्टीनेस दर्शन पर आधारित हो सकती है, जिसके लिए कंपनी अपने वैश्विक ब्रांड का अनुसरण करेगी।
नई वेर्ना एलांट्रा के साथ अपने शार्प बॉडी पैनल और नुकीले डिज़ाइन एलिमेंट के साथ स्पोर्टी अपील को और बढ़ा सकती है, जबकि यह एक नए प्लेटफॉर्म पर भी आधारित हो सकती है, जिसका ज्यादा बड़ा आकार केबिन में ज्यादा स्पेस देने की भी अनुमति देगा। कार के साथ मौजूदा 1.5-लीटर पेट्रोल, 1.5-लीटर डीजल और 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन को बरकरार रखा जा सकता है, जो कि स्टैंडर्ड छह-स्पीड मैनुअल के साथ-साथ छह-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर एटी, छह-स्पीड सीवीटी और सात-स्पीड डीसीटी गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।