Home बजाज  Bajaj Pulsar 125 और Pulsar 150 का नया जनरेशन लॉन्च, कीमत 92,900...

Bajaj Pulsar 125 और Pulsar 150 का नया जनरेशन लॉन्च, कीमत 92,900 रुपये से शुरू

New Bajaj Pulsar 125 And 150

नई जनरेशन Bajaj Pulsar 125 और Pulsar 150 में नया डायमंड-टाइप फ्रेम, TFT कंसोल और राइडिंग मोड्स दिए गए हैं

बजाज ऑटो ने भारतीय बाजार में नई जनरेशन की Pulsar 125 और Pulsar 150 लॉन्च कर दी हैं। दोनों बाइक्स को नए प्लेटफॉर्म, बेहतर सस्पेंशन, ज्यादा पावरफुल इंजन और नए फीचर्स के साथ अपडेट किया गया है। नई Pulsar 125 की शुरुआती कीमत 92,900 रुपये, जबकि Pulsar 150 की शुरुआती कीमत 1.15 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है।

कंपनी के मुताबिक, दुनियाभर के 40 से ज्यादा देशों में अब तक 2 करोड़ से ज्यादा Pulsar बाइक बेची जा चुकी हैं। नई पल्सर 125 को चार वेरिएंट में पेश किया गया है, जिनमें 125, 125 STD Single Seat, 125 STD Split Seat और 125 Premium Split Seat शामिल हैं। इसकी कीमत 92,990 रुपये से 1.04 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) के बीच है।

नई बाइक को डायमंड-टाइप फ्रेम पर तैयार किया गया है। इसमें अब पीछे की तरफ मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है, जबकि पुराने मॉडल में डुअल-शॉक सेटअप मिलता था। बाइक में नया 124.58cc सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन 12 bhp की पावर और 11 Nm का टॉर्क पैदा करता है। कंपनी के अनुसार, बेहतर पावर-टू-वेट रेशियो के कारण नई Pulsar 125 अब 125cc सेगमेंट की सबसे ज्यादा पावर देने वाली बाइक्स में शामिल है। इंजन को नए गियरबॉक्स से जोड़ा गया है, जिससे कम स्पीड पर बाइक का प्रदर्शन बेहतर होने की उम्मीद है।

New Bajaj Pulsar 125 And 150 (3)

नई Pulsar 125 में LED Wolf-Eye हेडलैंप के साथ नया TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है। इसमें Google Maps मिररिंग और कनेक्टेड फीचर्स भी मिलते हैं। राइडर इस स्क्रीन पर बाइक से जुड़े जरूरी डॉक्यूमेंट जैसे RC और इंश्योरेंस भी सेव कर सकता है। इसके अलावा पहली बार इस सेगमेंट में Road, Rain और Sport जैसे तीन राइडिंग मोड दिए गए हैं।

वहीं नई जनरेशन Pulsar 150 को SD Single Seat LCD, TD Single Seat TFT और TD Split Seat TFT के साथ तीन वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। इसकी कीमत 1.15 लाख रुपये से 1.23 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) के बीच है। इसमें नया 149.5cc सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 14 bhp की पावर और 13.7 Nm का टॉर्क जनरेट करता है।

New Bajaj Pulsar 125 And 150 (1)

इसमें भी 5-इंच TFT कंसोल दिया गया है, जिसमें Google Maps मिररिंग की सुविधा मिलती है। Pulsar 150 में ऑल-LED लाइटिंग, ISG ऑटोमैटिक स्टार्ट-स्टॉप सिस्टम, Road/Rain/Sport राइडिंग मोड, Type-C USB चार्जिंग पोर्ट, बेली पैन, हैजार्ड लैंप और Crawl Tech जैसे फीचर्स मिलते हैं।

बजाज ऑटो के टू-व्हीलर बिजनेस यूनिट के चीफ बिजनेस ऑफिसर Sarang Kanade के मुताबिक, Pulsar पिछले 25 वर्षों से युवाओं के लिए परफॉर्मेंस बाइक का एक लोकप्रिय विकल्प रही है। नई Pulsar 125 और Pulsar 150 में कंपनी ने इसके पुराने डिजाइन और पहचान को बरकरार रखते हुए इंजन, टेक्नोलॉजी और फीचर्स में बड़े बदलाव किए हैं।