नई जनरेशन Kia Sonet पहली बार भारत में टेस्टिंग के दौरान आई नजर, अगले साल होगी लॉन्च

नई जनरेशन Kia Sonet को पहली बार भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है और इसे अगले साल लॉन्च किया जाएगा

किआ सोनेट को सितंबर 2020 में लॉन्च किया गया था और यह कंपनी का तीसरा मॉडल था और इसे कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में उतारा गया था। अब 5 साल में 5 लाख से ज्यादा यूनिट की बिक्री के बाद कंपनी इसके दूसरे जनरेशन मॉडल पर काम कर रही है, जिसे अगले साल लॉन्च किया जा सकता है। नई जनरेशन की किआ सोनेट को ‘Kia QY2E’ कोडनेम दिया गया है।

इसे हाल ही में पहली बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। आमतौर पर Hyundai और Kia की नई कारों की टेस्टिंग सबसे पहले दक्षिण कोरिया में नजर आती है, लेकिन इस बार इसे सीधे भारतीय सड़कों पर देखा गया है। इसे कवर किया गया है, फिर भी साफ नज़र आ रहा है कि कंपनी इसका डिज़ाइन लगभग तैयार कर चुकी है और अब इसके प्रोडक्शन के लिए तैयार मॉडल की टेस्टिंग कर रही है।

नई जनरेशन में किआ सोनेट का डिज़ाइन पहले से ज्यादा मॉडर्न और स्पोर्टी हो सकता है। फ्रंट में बड़ा और चौड़ा grille मिलेगा, जो मौजूदा मॉडल की तुलना में नीचे की ओर लगाया जाएगा। इसके अलावा स्प्लिट हेडलैंप सेटअप भी देखने को मिल सकता है, जिससे SUV का लुक ज्यादा एग्रेसिव नज़र आएगा। साथ ही नया बम्पर और लोअर एयर इन्टेक भी दिए जाएंगे।

Next Gen Kia Sonet

साइड प्रोफाइल में नए ड्यूल टोन 16-इंच अलॉय व्हील्स मिल सकते हैं, जिनका डिजाइन नई किआ सेल्टोस के 17-इंच व्हील्स  से प्रेरित होगा। पीछे की तरफ कनेक्टेड टेल लैम्प्स, टेलगेट और बम्पर का डिज़ाइन पूरी तरह नया हो सकता है। फीचर्स की बात करें तो मौजूदा सोनेट में सिंगल पैन सनरूफ मिलती है, लेकिन नई सोनेट में पैनोरैमिक सनरूफ मिलने की उम्मीद है।

केबिन के अंदर डैशबोर्ड, स्टीयरिंग व्हील, सेंटर कंसोल और डोर पेनल्स का डिज़ाइन पूरी तरह नया होगा। कंपनी इसमें 9.9-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 12.9-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दे सकती है, जो Pleos Connect सिस्टम पर काम करेगा। इसके अलावा Level 2 ADAS फीचर्स भी दिए जा सकते हैं, जिससे सुरक्षा पहले से बेहतर होगी।

Next Gen Kia Sonet (1)

नई किआ सोनेट को K1 प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा, जिस पर किआ Syros आधारित है। लॉन्च के समय नए इंजन या gearbox मिलने की संभावना नहीं है। हालांकि, किआ ने पुष्टि की है कि 2029 तक Sonet का hybrid वेरिएंट भी लाया जाएगा। कंपनी नई किआ सोनेट को 2027 की दूसरी तिमाही में लॉन्च कर सकती है।