नई जेनरेशन हुंडई i20 का मुकाबला भारत में मारुति सुजुकी बलेनो, टाटा अल्ट्रोज़, फॉक्सवैगन पोलो, टोयोटा ग्लैन्ज़ा और होंडा जैज़ से होगा
हुंडई इंडिया (Hyundai India) जल्द ही भारत में नई जेनरेशन हुंडई i20 (2020 Hyundai i20) को लॉन्च करने जा रही है। यह कार टेस्टिंग के दौरान राजधानी दिल्ली में नजर आई है और तस्वीरों में इसके अलॉय़ व्हील का खुलासा हुआ है। इसके अलावा इस अपडेट प्रीमियम हैचबैक के रियर का टेल लैंप भी प्रकट हुआ है। हुंडई भारत में इस कार को इस फेस्टिव सीजन में लॉन्च कर सकती है, जबकि यह पहले से ही अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बिक्री पर है और इंटीरियर व एक्सटेरियर में कई सुविधाओं को जोड़ा गया है। कार को नया लुक भी मिला है।
नई i20 में एक नया डिजाइन है, जो वर्तमान मॉडल की स्टाइल की तुलना में ज्यादा आक्रामक दिखती है। इसमें एक नया कैस्केडिंग ग्रिल, हेडलैंप, लाइट बार है जो नए रैप-अराउंड स्प्लिट टेल लैंप को जोड़ता है। हैचबैक में एक नया डुअल-टोन अलॉय-व्हील डिज़ाइन भी होगा।
यूरोपीय स्पेक मॉडल पर पहले ही i20 के इंटीरियर को देखा जा चुका है, जिसमें नई तकनीक और अतिरिक्त सुविधाओं के साथ पैक किया है। इसमें एक नया डैशबोर्ड डिज़ाइन, इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए दो 10.25-इंच डिस्प्ले और टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम शामिल हैं, जो कि एंड्रॉइड ऑटो, एप्पल कारप्ले और ब्रांड की नई ब्लूलिंक तकनीक को सपोर्ट करता है।

आगामी i20 को हुंडई वेन्यू का कनेक्टेड तकनीक भी मिला रहा, जिसमें 33 कमांड दिए गए हैं। नई आई20 में इलेक्ट्रिक सनरूफ, वेंटीलेटेड फ्रंट सीट, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, रियर एयर-कॉन वेंट्स और बोस प्रीमियम ऑडियो सिस्टम से लैस होने की उम्मीद है। सेफ्टी में ब्लाइंड मॉनिटरिंग, एयरबैग, आईएसओ-फ़िक्स माउंट शामिल हैं।
नई हुंडई i20 को तीन इंजन विकल्पों के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है, जिसमें 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन, 1.2-लीटर पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल यूनिट शामिल है। इंजनों को स्टैंडर्ड के रूप में पांच-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जा सकता है, जिसमें 1.2-लीटर पेट्रोल पर वैकल्पिक CVT और 1.5-लीटर डीजल पर टॉर्क कनवर्टर यूनिट की पेशकश की जा सकती है।
1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल यूनिट को छह-स्पीड iMT और सात-स्पीड DCT दोनों के साथ पेश किया जा सकता है। इस तरह हैचबैक में किए गए बदलाव इसे एक प्रीमियम और अपमार्केट फील देते हैं। भारत में लॉन्च होने के बाद इस का मुकाबला मारुति सुजुकी बलेनो (Maruti Suzuki Baleno), टाटा अल्ट्रोज़ (Tata Altroz) फॉक्सवैगन पोलो (Volkswagen Polo), टोयोटा ग्लैन्ज़ा (Toyota Glanza) और होंडा जैज़ (Honda Jazz) से होगा।