बीएस6 इंजन के साथ नई फोर्स गोरखा डीलरशिप पहुंचने लगी है और भारत में इसका मुकाबला महिन्द्रा थार व आगामी मारूति सुजुकी जिम्नी से होगा
फरवरी 2020 में आयोजित हुए ऑटो एक्सपो में फोर्स गोरखा (BS6 Force Gurkha) को पहली बार शोकेस किया था। इस ऑफ रोडर एसयूवी में न केवल नया बीएस6 वाला इंजन मिला है बल्कि कई नए फीचर्स भी मिले हैं। हाल ही में यह एसयूवी भारतीय डीलरशिप पर पहुंचने लगी है, जिससे स्पष्ट है कि फोर्स मोटर्स (Force Motors) भारत में बहुत जल्द इस नए मॉडल को लॉन्च कर सकती है।
नई फोर्स गोरखा में 2.6-लीटर 4-सिलेंडर टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन का इस्तेमाल किया गया है। यह यूनिट बीएस4 मॉडल में भी ड्यूटी पर था और अब बीएस6 में अपग्रेड किया गया है, जो कि 90 पीएस की पावर और 280 एनएम पीक टॉर्क को पंप करने के लिए ट्यून किया गया है। ट्रांसमिशन में 5-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स यूनिट होगा।
एसयूवी को इको-फ्रेंडली इंजन बीएस6 अपग्रेड के अलावा कई अन्य बदलाव भी मिलेंगे, जिसमें इसका फ्रंट फेसिया नया होगा। हालांकि एसयूवी का ओवरआल सिल्हूट पहले की तरह रहेगा और फ्रंट बम्पर, फॉग लैंप हाउसिंग आदि जैसे एलिमेंट नए होंगे। इसमें नए हैडलैंप्स का सेट होगा जो अब एलईडी यूनिट होगा और एलईडी डीआरएल के साथ होगा।

बीएस6 फोर्स गोरखा के प्रोफाइल में सबसे बड़ा बदलाव नई रियर विंडो होगी। यह अब ड्यूल पैनल वाली विंडो की बजाय एक बड़े सिंगल ग्लास और बीएस4 मॉडल पर देखे गए रियर क्वार्टर ग्लास के साथ होगी। रियर को फिर से डिज़ाइन किया गया है और यहां विंडशील्ड, टेलगेट-माउंटेड स्पेयर व्हील सहित कई अपग्रेड देखने को मिलते हैं।
बीएस6 फोर्स गोरखा के इंटीरियर में भी फोर्स मोटर्स ने कई नई सुविधाओं को जोड़ा है। यहां फिर से डिज़ाइन किया गया डैशबोर्ड, डुअल-टोन इंटीरियर थीम, एक नया टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम होगा।

भारत में लॉन्च होने के बाद नई फोर्स गोरखा का हाल ही में अनावरण किए गए नई जेनरेशन महिंद्रा थार (Mahindra Thar) से होगा। थार को भारत में 2 अक्टूबर को लॉन्च किया जाना है। इसके अलावा साल 2021 तक भारत में इसके मुकाबले नई मारूति सुजुकी जिम्नी (Maruti Suzuki Jimny) भी लॉन्च होगी।