भारत में अगले महीनें लॉन्च होने वाली नई कारें – नई ऑल्टो से लेकर हाइराइडर तक

यहाँ उन नई कारों को सूचीबद्ध किया गया है, जिन्हें भारतीय बाजार में विभिन्न कार निर्माता कंपनियों द्वारा अलग अलग सेगमेंट में अगले महीनें लॉन्च किया जाएगा

अगस्त 2022 का महीना कार उद्योग के लिए एक और व्यस्त महीना होने वाला है, क्योंकि इस महीने में भारतीय बाजार में कई नई कारों को लॉन्च किया जाना है। इसके साथ ही महिंद्रा 15 अगस्त, 2022 को अपनी बॉर्न इलेक्ट्रिक कान्सेप्ट का अनावरण करेगी, जिन पर आधारित नई इलेक्ट्रिक कारों को भविष्य में भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा।

वास्तव में महिंद्रा साल 2027 तक भारत में कम से कम 8 नई इलेक्ट्रिक कारों को लाने की योजना बना रही है। वहीं अगस्त 2022 में लॉन्च होने जा रही कारों की बात करें तो इसमें टोयोटा, मारूति सुजुकी, हुंडई और मर्सिडिज-बेंज जैसे निर्माता शामिल हैं।

1. नई जेनरेशन हुंडई टक्सन

अगस्त 2022 में प्रीमिय़म एसयूवी सेगमेंट में टक्सन के नए जेनरेशन को पेश किया जाना है। इसका हाल ही में अनावरण किया गया है और इसे कई एक्सटीरियर और केबिन में अपडेट दिया गया है। यह कार ब्रांड के नए सेंसियस स्पोर्टीनेस डिजाइन दर्शन का पालन करेगी। नई टक्सन में इंटीग्रेटेड एलईडी लाइटिंग सिस्टम के साथ पैरामीट्रिक ज्वेल पैटर्न फ्रंट ग्रिल है। इसे ADAS सहित कई नए फीचर्स मिलेंगे और इसे 4 अगस्त को लॉन्च किया जाएगा।

toyota urban cruiser hyryder-10

2. टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर

टोयोटा भी 16 अगस्त को अपनी अर्बन क्रूजर हाइराइडर की कीमतों की घोषणा करेगी। यह एक मिड साइज एसयूवी है, जिसे माइल्ड-हाइब्रिड और स्ट्रांग-हाइब्रिड पेट्रोल इंजन के साथ बेचा जाएगा। इसे इंजन के आधार पर ईवी-ओनली मोड और 4WD सिस्टम भी मिलेगा। इसकी कीमत 9.50 लाख रूपए से लेकर 19 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) तक होने की संभावना है। इसकी बुकिंग पहले से चल रही है और इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, फाक्सवैगन तैगुन और स्कोडा कुशाक जैसी कारों से होगा।

3. नई जेनरेशन मारुति सुजुकी ऑल्टो

मारुति सुजुकी आगामी 18 अगस्त को किफायती स्पेस में लाइटवेट हार्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर आधारित नई जेनरेशन ऑल्टो को लाएगी। इसमें आउटगोइंग मॉडल की तुलना में बड़ा आकार होगा और इसका इंटीरियर भी पहले के मुकाबले ज्यादा बेहतर होगा। इसे एक नया 1.0-लीटर तीन-सिलेंडर पेट्रोल इंजन भी मिलेगा, जबकि मौजूदा पेट्रोल इंजन व सीएनजी वर्जन को बरकरार रखा जाएगा।

2022 maruti suzuki alto

4. मर्सिडीज-बेंज एएमजी EQS 53 4Matic+

मर्सिडीज बेंज इंडिया आगामी 24 अगस्त को एएमजी ईक्यूएस 53 4मैटिक+ को लॉन्च करेगी, जो कि ब्रांड की आगामी नई फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक सेडान बन जाएगी। यह 107 kWh बैटरी पैक और एक ट्विन इलेक्ट्रिक मोटर सेटअप से लैस होगी, जो कि 650 पीएस की अधिकतम पावर और 950 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करने में सक्षम होगी। इसकी कीमत 2 करोड़ (एक्स-शोरूम) रुपये से ऊपर हो सकती है।