भारत में फेस्टिव सीजन आने वाला है और इससे पहले दोपहिया वाहनों के साथ-साथ चार-पहिया निर्माता भी भारतीय बाजार में नए उत्पादों को लॉन्च करने पर काम कर रहे हैं
दुनिया धीरे-धीरे आर्थिक मंदी से उबरने के साथ, ऑटोमोबाइल निर्माता अपने उत्पादों को पेश करने पर काम कर रहे हैं जो मूल रूप से पिछले कुछ महीनों में लॉन्च के लिए निर्धारित थे, लेकिन इन्हे लॉन्च नहीं किया जा सका। यहां 7 नई कारों और बाइक की सूची दी गई है, जिन्हें सितंबर 2020 में लॉन्च किया जाना है:
1. किआ सोनेट (Kia Sonet)
कॉम्पैक्ट एसयूवी किआ सोनेट को भारत में 18 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा और इसकी कीमंत 6.99 लाख रूपए से लेकर 12.5 लाख रूपए तक हो सकती है। भारत में यह कार सेल्टोस और कार्निवॉल के बाद किआ मोटर्स की तीसरी सबसे बड़ी पेशकश होगी।, जिसका मुकाबला मारुति विटारा ब्रेज़ा और हुंडई वेन्यू, टाटा नेक्सॉन, फोर्ड इकोस्पोर्ट जैसी कारों से होगा।

इस कॉम्पैक्ट एसयूवी को तीन इंजन ऑप्शन में पेश किया जाएगा जिसमे 1.2 लीटर पेट्रोल, 1.0 लीटर टर्बो-पेट्रोल और 1.5 लीटर डीजल शामिल है और इस एसयूवी में कई ऐसे फीचर्स हैं, जो इस सेगमेंट में पहली बार आये हैं। जिसमे 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 7 स्पीकर बोस ऑडियो सिस्टम, एलईडी साउंड मूड लाइटिंग, फ्रंट पार्किंग सेंसर और वेन्टीलेटेड फ्रंट सीटें आदि हैं।
2. स्कोडा रैपिड ऑटोमैटिक (Skoda Rapid Automatic)
स्कोडा रैपिड ऑटोमैटिक को भारत में 17 सितंबर को लॉन्च किया जायेगा और इसकी कीमत 8.5-12.5 लाख रूपए हो सकती है। 25,000 रूपए के साथ भारत में इस कार की बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि हाल ही में रैपिड 1.0 टीएसआई भी लॉन्च हुई है।

यह कार पोलो और वेंटो में ड्यूटी कर रहे 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन द्वारा संचालित होगी, जो 109 hp की पावर और 175 Nm का टॉर्क उत्पन करेगी। इसे फ्रंट व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलेगा। भारत में यह फॉक्सवैगन वेंटो, हुंडई वेर्ना, होंडा सिटी और मारुति सुजुकी सियाज़ के मुकाबले होगी।
3. टोयोटा अर्बन क्रूज़र (Toyota Urban Cruiser)
टोयोटा अर्बन क्रूज़र को भारत में सितंबर 2020 में लॉन्च किया जा सकता है, जिसकी कीमत 5.5 लाख रूपए से लेकर 11 लाख तक हो सकती है। यह मॉडल मूलरूप से विटारा ब्रेजा का रिबैज वर्जन है। कंपनी इसे मिड, हाई और प्रीमियम ट्रिम में पेश करेगी और इसका 1.5 लीटर पेट्रोल यूनिट 105 PS की पावर देगा, जो कि 5-स्पीड मैनुअल और 4-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर माइल्ड हाइब्रिड तकनीक के साथ ऑटोमेटिक से लैस होगी।

भारत में लॉन्च होने पर अर्बन क्रूजर का मुकाबला मारुति विटारा ब्रेज़ा, फोर्ड इकोस्पोर्ट, हुंडई वेन्यू, किआ सोनेट, टाटा नेक्सन और महिंद्रा एक्सयूवी 300 से होगा। इसे मारुति विटारा ब्रेज़ा की तुलना में कुछ बदलाव किये गए हैं जिसमे संशोधित फ्रंट बम्पर, एयर डैम और फॉग लैंप असेंबली शामिल हैं।
4. मर्सिडीज-एएमजी जीएलई 53 कूप (Mercedes-AMG GLE 53 Coupe)
मर्सिडीज-एएमजी जीएलई 53 कूप को भारत में 23 सितंबर 2020 को लॉन्च किया जायेगा, इसकी कीमत 1.25 करोड़ रूपए के आस पास हो सकती है। कंपनी ने महीने की शुरूआत में इस कार के लिए बुकिंग शुरू कर दी थी। कार के एक्सटेरियर और इंटीरियर में कई नई सुविधाएं होंगी। नई जीएलई अब एक कूप संस्करण होगी जिसमें स्वीपिंग रूफलाइन, नई पैनामेरिकाना ग्रिल, स्पोर्टी बम्पर और इंटीरियर में इसे स्पोर्ट्स सीट मिलेंगी।

पावर देने के लिए 3.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया जाएगा, जो कि 435 Hp की पावर और 520 Nm टॉर्क देगा। 48V माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम के साथ इसे अतिरिक्त 22 hp की पावर और 250 Nm टॉर्क मिलता हैं। इसमें मर्सिडीज 4 Matic + AWD सिस्टम के साथ 9-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेगा।
5. मर्सिडीज बेंज EQC (Mercedes Benz EQC)
मर्सिडीज बेंज EQC इलेक्ट्रिक एसयूवी को भी भारत में सितंबर 2020 में लॉन्च किया जायेगा और इसकी कीमत 1.5 करोड़ रूपए के आस पास हो सकती है। इस प्योर इलेक्ट्रिक एसयूवी को सीबीयू यूनिट के रूप में लाया जाएगा और यह जगुआर आई-पेस और ऑडी ई-ट्रॉन के मुकाबले होगी। कार को सिंगल 400 4MATIC वैरिएंट में पेश किया जाएगा और यह 400 किमी की रेंज देगी, जो कि 85 kWh लिथियम-आयन बैटरी पैक के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर्स से पावर प्राप्त करेगी।

इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की बैटरी को चार्ज करने के लिए तीन विकल्प हैं, जिसमें एक 7.4 kW का होम चार्जर शामिल होगा जो 21 घंटे में फुल चार्ज करने की अनुमति देता है, एक 7.4 kW एसी वॉल बॉक्स जिसमें 10 घंटे का समय लगता है और 110 kW DC फास्ट चार्जर 90 मिनट में 100 प्रतिशत चार्ज देता है।
6. ऑडी Q2 (Audi Q2)

ऑडी Q2 को भारत में सितंबर 2020 में लॉन्च किया जाएगा और इसकी कीमत 35-40 लाख रूपए हो सकती है। इस एसयूवी को पावर देने के लिए 2.0 लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन का उपयोग किया जायेगा जिसमे 7-स्पीड ड्यूल क्लच ऑटोमैटिक यूनिट को इस्तेमाल किया जाएगा जो कि 187 hp की पावर और 320 Nm टॉर्क जेनरेट करता है।
7. रॉयल एनफील्ड मीटिओर 350 (Royal Enfield Meteor 350)

रॉयल एनफील्ड मीटिओर 350 को भारत में 22 सितंबर 2020 को लॉन्च किया जा सकता है और इसकी कींमत 1.65-1.85 लाख रूपए तक हो सकती है। भारत में यह बाइक थंडरबर्ड 350X की जगह लेगी और कंपनी के नए J प्लेटफार्म पर आधारित होगी। Meteor 350 को तीन वेरिएंट में पेश का जाएगा जिसमे Fireball, Stellar और Supernova शामिल है, जबकि यह जीपीएस सिस्टम, ट्रिपर नेविगेशन आदि से लैस होगा। बाइक को पावर देने के लिए 350cc वाले एयर कूल्ड, SOHC, सिंगल सिलेंडर इंजन का इस्तेमाल किया जाएगा, जो कि 20.2 hp की पावर और 27 Nm का टॉर्क देगी।