MG Cyberster और M9 एमपीवी ब्रांड के नए प्रीमियम रिटेल नेटवर्क एमजी सेलेक्ट के माध्यम से बेची जाएंगी
जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर ने पिछले महीने नई दिल्ली में भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में कई नए मॉडलों और कॉन्सेप्ट्स को शोकेस किया था। इनमें से सबसे खास Cyberster इलेक्ट्रिक कन्वर्टिबल स्पोर्ट्स कार और M9 प्रीमियम इलेक्ट्रिक एमपीवी थी। दोनों कारें इस साल की पहली छमाही में बाजार में आने के लिए तैयार हैं, जबकि Majester एसयूवी को भी इसी साल लॉन्च किया जाना है।
Cyberster और M9 एमपीवी को ब्रांड के नए प्रीमियम रिटेल नेटवर्क एमजी सेलेक्ट के माध्यम से पेश किया जाएगा। लॉन्च से पहले, एमजी ने पूरे भारत में 12 डीलर पार्टनर्स को अपने साथ जोड़ा है। अपनी विस्तार रणनीति के हिस्से के रूप में, कंपनी शुरुआती चरण के दौरान 13 प्रमुख शहरों में 14 एमजी सेलेक्ट डीलरशिप स्थापित करने की योजना बना रही है।
इन स्थानों में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद, चंडीगढ़, गुरुग्राम, जयपुर, लखनऊ और कोच्चि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, इच्छुक खरीदार अब Cyberster और M9 के लिए प्री-बुकिंग कर सकते हैं। एमजी की M9 एक प्रीमियम इलेक्ट्रिक एमपीवी है, जो 90 किलोवाट बैटरी पैक से लैस है।

यह इलेक्ट्रिक एमपीवी 245 बीएचपी की पावर और 350 एनएम का टॉर्क उत्पन करती है, जो फुल चार्ज पर लगभग 430 किमी की डब्ल्यूएलटीपी-प्रमाणित ड्राइविंग रेंज का दावा करता है। भारत में इसकी कीमत 65 लाख (एक्स-शोरूम) रुपये के आसपास हो सकती है। M9 को एक शानदार 7-सीटर MPV के रूप में डिज़ाइन किया गया है।
इसकी मध्य पंक्ति में रिक्लाइनिंग ऑटोमन सीटें, मसाज सीटें और बहुत कुछ शामिल है। साथ ही यह डुअल सनरूफ सेटअप, वेन्टीलेटेड सीटें, पावर्ड स्लाइडिंग रियर डोर और रियर एंटरटेनमेंट पैकेज सहित सुविधाओं से भरपूर है। अतिरिक्त हाइलाइट्स में ट्रिपल-ज़ोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, ADAS, 360-डिग्री कैमरा, ESP, ऑटो होल्ड और TPMS शामिल हैं।

एमजी Cyberster जीटी में एक शक्तिशाली डुअल-मोटर कॉन्फ़िगरेशन है, जो 510 पीएस की पावर और 725 एनएम का टॉर्क उत्पन्न करता है। यह इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्सकार महज 3.2 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड इलेक्ट्रॉनिक रूप से 208 किमी प्रति घंटे तक सीमित है। फुल चार्ज पर यह 443 किमी की WLTP-प्रमाणित ड्राइविंग रेंज देती है।