449 किमी की रेंज और ADAS के साथ लॉन्च हुई MG Windsor Pro, कीमत 12.49 लाख रुपये

Windsor PRO (1)

MG Windsor Pro में नए फीचर जोड़ने के साथ नया 52.9 KWh बैटरी पैक मिलता है, जो एक बार चार्ज करने पर 449 किमी की रेंज देता है

एमजी मोटर इंडिया ने आज घरेलू बाजार में Windsor Pro को लॉन्च करने की घोषणा की है और इसकी कीमत BaaS योजना के तहत 12,49,999 रुपये है, जिसमें बैटरी का किराया 4.5 रुपये प्रति किलोमीटर है। यह पहले से ही लोकप्रिय विंडसर ईवी की पहुंच का विस्तार करने में मदद करेगी, जो वर्तमान में देश में सबसे अधिक बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार है और भारत में इसकी अच्छी बिक्री हो रही है।

वहीं बिना BaaS योजना के तहत इसकी कीमत 17.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। यह केवल पहले 8,000 ग्राहकों के लिए वैध होगा और बुकिंग 8 मई, 2025 को ऑनलाइन शुरू होगी। एमजी ने पहली बार मालिक बनने वालों के लिए आजीवन बैटरी वारंटी के साथ-साथ तीन साल बाद 60 फीसदी की सुनिश्चित बायबैक की भी पुष्टि की है।

विंडसर प्रो को कई कारणों से ज़्यादा प्रीमियम तरीके से पेश किया गया है क्योंकि इसमें कई सारे अपग्रेड किए गए हैं। मुख्य बदलावों में नए इंटीरियर फ़ीचर, नए अलॉय व्हील, पावर्ड टेलगेट, बेहतर सुरक्षा तकनीक और समग्र केबिन थीम में अपडेट शामिल हैं क्योंकि इसमें नया डुअल-टोन आइवरी फ़िनिश जोड़ा गया है। साथ ही इसमें तीन नए रंग ऑरोरा सिल्वर, ग्लेज़ रेड और सेलाडॉन ब्लू शामिल किए गए हैं।

MG Windsor Pro EV

एमजी विंडसर प्रो के साथ कंपनी 52.9 kWh का बड़ा बैटरी पैक पेश कर रही है। यह बैटरी मानक विंडसर की तुलना में एक बार चार्ज करने पर 449 किमी की रेंज देती है। कंपनी 3 साल की असीमित वाहन वारंटी, 3 साल की कॉम्प्लीमेंट्री RSA और 3 निःशुल्क लेबर सेवाएँ देती है। नियमित विंडसर में एक छोटी 38 kWh लिथियम-आयन यूनिट है जो 332 किमी की रेंज प्रदान करती है।

प्रमुख अपग्रेड में लेवल 2 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) सूट और V2L सुविधा को शामिल किया गया है। वहीं इसमें 15.6 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट डिस्प्ले, 6-वे पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, लाउंज-स्टाइल रियर सीटें, 9-स्पीकर साउंड सिस्टम, एम्बिएंट लाइटिंग और कनेक्टेड कार तकनीकें शामिल हैं। भारत में लॉन्च होने के बाद से, विंडसर ने सिर्फ़ छह महीनों में 20,000 यूनिट की बिक्री को पार कर लिया है।

MG Windsor pro1

बैटरी-एज़-ए-सर्विस (BaaS) सब्सक्रिप्शन प्लान के तहत, मानक विंडसर की कीमत 10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है, जिसमें बैटरी का किराया 3.9 रुपये प्रति किलोमीटर है। कंपनी आने वाले महीनों में दो इलेक्ट्रिक मॉडल लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जिनमें साइबरस्टर इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्सकार और M9 इलेक्ट्रिक एमपीवी शामिल है।