
JSW MG मोटर इंडिया ने H1 CY2026 में Windsor EV की 19,000 से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री की है
JSW MG मोटर इंडिया ने घोषणा की है कि MG Windsor EV ने लॉन्च के बाद दो साल से भी कम समय में 75,000 यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। इतना ही नहीं, साल 2026 की पहली छमाही (H1 CY2026) में ही इस इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर की 19,000 से ज्यादा यूनिट्स बिकी हैं, जिससे यह इस अवधि में भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कारों में शामिल रही है।
MG की इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती मांग का असर कंपनी की कुल बिक्री पर भी देखने को मिला है। H1 CY2026 में कंपनी ने पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 13 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की है। इस प्रदर्शन में Windsor EV के साथ-साथ Comet EV, ZS EV और कंपनी की पेट्रोल-डीजल कारों का भी अहम योगदान रहा है।
MG का कहना है कि Windsor EV को ABC कॉन्सेप्ट पर तैयार किया गया है। यानी इसकी कीमत A-सेगमेंट की कार जैसी है, बाहरी आकार B-सेगमेंट के करीब है, जबकि केबिन स्पेस C-सेगमेंट की कार जैसा मिलता है। यही वजह है कि यह उन परिवारों के बीच लोकप्रिय हो रही है, जो कम रनिंग कॉस्ट वाली इलेक्ट्रिक कार चाहते हैं लेकिन छोटी हैचबैक नहीं खरीदना चाहते है।

MG Windsor EV को Battery-as-a-Service (BaaS) योजना के तहत भी खरीदा जा सकता है। इस योजना में इसकी शुरुआती कीमत 9.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है, जबकि बैटरी के लिए 3.9 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से अलग से भुगतान करना होता है। इसमें लगी इलेक्ट्रिक मोटर 136 PS की पावर और 200 Nm का टॉर्क उत्पन्न करती है।
इस इलेक्ट्रिक कार में 38 kWh और 52.9 kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलते हैं। 38 kWh बैटरी के साथ 332 किमी और 52.9 kWh बैटरी वाले Pro वेरिएंट के साथ 449 किमी (क्लेम्ड) की रेंज मिलती है। केबिन में 135 डिग्री तक रिक्लाइन होने वाली Aero Lounge सीट्स, 15.6-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, फ्लैट फ्लोर, बड़ा ग्लास एरिया और कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं, जो इसे फैमिली ग्राहकों के लिए आकर्षक बनाते हैं।

कंपनी Windsor EV में लोकल कंटेंट को बढ़ाकर 70 प्रतिशत करने की योजना पर भी काम कर रही है, जिससे उत्पादन लागत कम करने और बिक्री बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा MG ने पुष्टि की है कि वह इस वित्त वर्ष में दो नई इलेक्ट्रिक कारें और एक प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) लॉन्च करेगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाली PHEV अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकने वाली Wuling Starlight 560 पर आधारित हो सकती है।