FY26 में MG की इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में जबरदस्त उछाल, Windsor टॉप पर

MG Windsor

MG Motor India ने अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच भारत में कुल 62,591 इलेक्ट्रिक वाहन बेचे, जबकि FY25 में यह आंकड़ा 37,730 यूनिट्स का था

MG मोटर इंडिया ने FY26 (अप्रैल 2025 से मार्च 2026) के दौरान भारत में कुल 62,591 इलेक्ट्रिक वाहन बेचे, जबकि FY25 में यही आंकड़ा 37,730 यूनिट्स का था। इस तरह कंपनी ने साल-दर-साल (YoY) आधार पर 66 फीसदी की मजबूत वृद्धि दर्ज की है। मार्च 2026 में कंपनी ने 6,528 यूनिट्स की बिक्री की, जो पिछले साल की तुलना में 19 फीसदी ज्यादा है। कंपनी ने यह भी पुष्टि की है कि वह अगस्त–सितंबर 2026 (दिवाली से पहले) भारत में अपनी पहली PHEV (Plug-in Hybrid Electric Vehicle) लॉन्च करेगी।

MG Windsor भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार बनकर उभरी है। दिलचस्प बात यह है कि इसकी कुल बिक्री का 70 फीसदी हिस्सा नॉन-मेट्रो शहरों से आया, जबकि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे बड़े शहरों का योगदान 30 फीसदी रहा। मार्च 2026 में इस SUV की बिक्री में 20 फीसदी की सालाना बढ़त दर्ज की गई है।

MG Windsor की शुरुआती कीमत 9.99 लाख रुपये (साथ में ₹3.9/किमी BaaS मॉडल) है। इसमें 134 bhp की पावर और 200 Nm का टॉर्क मिलता है। यह SUV दो बैटरी विकल्पों 38 kWh और 52.9 kWh (PRO वेरिएंट) के साथ आती है, जो क्रमशः 332 किमी और 449 किमी की ड्राइविंग रेंज देती हैं। पहली बार खरीदने वाले ग्राहक को इस पर लाइफटाइम बैटरी वारंटी भी मिलती है।

MG Windsor Inspire Edition (1)

डिजाइन की बात करें तो यह ‘AeroGlide’ थीम पर आधारित है और इसमें 135 डिग्री तक झुकने वाली ‘Aero Lounge’ सीट्स और 15.6-इंच का बड़ा GRANDVIEW टचस्क्रीन मिलता है। PRO वेरिएंट में V2L (Vehicle-to-Load) और V2V (Vehicle-to-Vehicle) जैसे फीचर्स दिए गए हैं, जिनकी मदद से बाहरी डिवाइस को पावर दी जा सकती है और अन्य EVs के साथ एनर्जी शेयर की जा सकती है।

PRO वेरिएंट की कीमत 18.10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है और मई 2025 में लॉन्च के 24 घंटे के अंदर इसे 8,000 से ज्यादा बुकिंग्स मिली थीं। इसमें Level 2 ADAS के 12 फीचर्स, पावर्ड टेलगेट और Celadon Blue, Aurora Silver व Glaze Red जैसे नए कलर ऑप्शन मिलते हैं।

MG Cyberster

हाल ही में कंपनी ने बढ़ती लागत के चलते 1 अप्रैल 2026 से अपने ICE और EV मॉडल्स की कीमतों में 2 फीसदी तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसके अलावा, MG SELECT पोर्टफोलियो में MG Cyberster और MG M9 जैसे फ्लैगशिप मॉडल शामिल हैं और इनकी कीमतों में भी 7 फीसदी तक की बढ़ोतरी होगी।