
MG M9 और Cyberster Couture Edition को मशहूर फैशन डिजाइनर गौरव गुप्ता के साथ मिलकर तैयार किया गया है और इन दोनों कारों की डिलीवरी 10 अगस्त 2026 से शुरू की जाएगी
JSW MG Motor India के प्रीमियम रिटेल ब्रांड MG Select ने भारत में MG M9 Couture Edition और MG Cyberster Couture Edition लॉन्च कर दिए हैं। इनकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत क्रमशः 84.94 लाख रुपये और 87.49 लाख रुपये रखी गई है। इन दोनों खास एडिशन को मशहूर फैशन डिजाइनर गौरव गुप्ता के साथ मिलकर तैयार किया गया है। कीमत की बात करें तो Cyberster Couture Edition, M9 Couture Edition से करीब 2.5 लाख रुपये महंगा है।
इन खास एडिशन की बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि 10 अगस्त 2026 से ग्राहकों को इनकी डिलीवरी शुरू होगी। कंपनी हर मॉडल की सिर्फ 50 यूनिट्स ही बनाएगी। इन्हें देश के 14 शहरों में मौजूद MG Select Experience Centres के जरिए बेचा जाएगा। इन दोनों कारों के एक्सटीरियर और इंटीरियर में ‘Serpent Infinity’ नाम का खास डिजाइन थीम दिया गया है।
केबिन में हाथ से की गई कढ़ाई (Hand Embroidery) और प्रीमियम फिनिश का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इन्हें एक अलग और लग्जरी लुक मिलता है। MG और गौरव गुप्ता की यह साझेदारी साल 2026 की शुरुआत में शुरू हुई थी, जब नई दिल्ली में डिजाइनर के स्टोर लॉन्च के दौरान खास डिजाइन वाली MG Cyberster को पहली बार दिखाया गया था।

इसके बाद 17 जुलाई 2026 को मुंबई में आयोजित गौरव गुप्ता के “Light Song” फैशन शो में MG M9 और Cyberster Couture Edition को आधिकारिक तौर पर पेश किया गया। कंपनी के मुताबिक, ‘Serpent Infinity’ डिजाइन नई शुरुआत और लगातार आगे बढ़ने की सोच को दिखाता है। इसी खास डिजाइन थीम का इस्तेमाल MG M9 और Cyberster के इस स्पेशल एडिशन में भी किया गया है। MG Select के अनुसार, यह दोनों लिमिटेड एडिशन उन ग्राहकों के लिए हैं जो लग्जरी, एक्सक्लूसिव डिजाइन और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का अनोखा अनुभव चाहते हैं।
लॉन्च के मौके पर JSW MG Motor India के MG SELECT प्रमुख मिलिंद शाह ने कहा कि “Cyberster और M9 अपने-अपने सेगमेंट की सबसे पसंदीदा लग्जरी इलेक्ट्रिक कारों में शामिल हो चुकी हैं। अब इनका Couture Edition पेश करके कंपनी ग्राहकों को एक ऐसा खास और लिमिटेड एडिशन विकल्प दे रही है, जो स्टाइल, लग्जरी और एक्सक्लूसिविटी का अलग अनुभव देगा। उनका कहना है कि इससे MG SELECT को प्रीमियम ग्राहकों के लिए और भी खास उत्पाद पेश करने में मदद मिलेगी।”

MG Cyberster में 77 kWh ड्यूल-मोटर AWD (ऑल-व्हील ड्राइव) सिस्टम दिया गया है, जो 510 बीएचपी की पावर और 725 Nm का टॉर्क देता है। यह इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 3.2 सेकंड में पकड़ लेती है और एक बार फुल चार्ज होने पर 580 किमी (MIDC) तक चल सकती है। वहीं, MG M9 में 90 kWh बैटरी पैक के साथ सिंगल-मोटर फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) सेटअप मिलता है। यह 245 बीएचपी की पावर और 350 Nm का टॉर्क देता है। यह इलेक्ट्रिक MPV एक बार फुल चार्ज होने पर 548 किमी (MIDC) की ड्राइविंग रेंज प्रदान करती है।