एमजी एयर ईवी भारत में टेस्टिंग के दौरान आई नजर, टियागो ईवी से होगा मुकाबला

mg air ev

जनवरी में 2023 ऑटो एक्सपो में दो दरवाजों वाली एमजी एयर ईवी प्रदर्शित की जाएगी और इसमें एक बार चार्ज करने पर लगभग 150 किमी की ड्राइविंग रेंज हो सकती है

इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट में फिलहाल तो टाटा मोटर्स के पास 82.8 फीसदी की बाजार हिस्सेदारी है, लेकिन निकट भविष्य में यह सूरत बदल सकती है। दरअसल देश में कई निर्माता अपनी ईवी लाने की योजना बना रहे हैं, जिसमें एमजी भी शामिल है। एमजी मोटर्स जल्द ही भारत में अपनी एयर ईवी लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

हाल ही में एमजी एयर इलेक्ट्रिक कार को भारत में देखा गया है। यह छोटी ईवी पहले से ही चीन में Wuling Air EV के रूप में बेची जाती है, जो वहाँ सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल है। इस तरह एमजी एयर ईवी चीन की कार से अपना पावरट्रेन साझा कर सकती है। इसके साथ ही एमजी एयर इलेक्ट्रिक स्मॉल कार के इंडोनेशिया में बेचे जाने वाले वूलिंग एयर ईवी के समान रहने की संभावना है।

हालाँकि भारत में क्लाइमेट कंट्रोल और बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम में बड़े बदलाव की उम्मीद कर सकते हैं, जबकि तकनीक से भरपूर इस ईवी में फ्यूचरिस्टिक इंटीरियर के साथ-साथ एक बॉक्सी सिल्हूट को बनाए रखने की संभावना है। एमजी जितना संभव हो सकेगा, इसका उतना स्थानीयकरण करेगी। कहा जा रहा है कि कंपनी अपने EV पार्ट को Tata AutoComp और Gotion से प्राप्त करेगा, जो नेक्सन ईवी की तरह LFP बैटरी सेल का उपयोग करते हैं।

चीन में Wuling Air EV के 2 एडिशन हैं, जिसमें एक स्टैंडर्ड व्हील बेस (SWB) है, जिसकी लंबाई 2599 मिमी है और एक लॉन्ग व्हील बेस (LWB ) है, जिसकी लंबाई 2974 मिमी है। भारत को बाद वाला वर्जन मिल सकता है। इसके साथ ही एमजी एयर ईवी 1,505 मिमी चौड़ी और 1,631 मिमी लम्बी है। SWB में केवल दो सीटें हैं और LWB में 4 सीटें हैं। इंडोनेशिया में 12 इंच के स्टील व्हील मिलते हैं।

चीन में Wuling Air EV को दो पावरट्रेन विकल्प मिलते हैं, जिसमें पहला 30kW और दूसरा 50 kW पावर मोटर है। इसमें क्रमशः एक बार चार्ज करने पर 200 किमी से 300 किमी तक की रेंज हैं। इस तरह यह शानदार इंटीरियर के साथ और सिटी ट्रांसपोर्टेशन के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है।

कंपनी इस कार को शहरी खरीददारों को लक्षित करेगी और कंपनी को इसकी लॉन्च के बाद अच्छी प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद है। ऐसे में अगर इसका भारतीयकरण किया जाता है, तो एमजी इसकी कीमतें भी कम कर सकती हैं, जो इसे एक बेहतर प्रस्ताव बना सकती है। इसे 2023 में लॉन्च किया जाएगा और इससे पहले इसे 2023 ऑटो एक्सपो में शोकेस किया जाएगा।