
यह लग्जरी सेडान 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 5.7 सेकंड में पकड़ सकती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड इलेक्ट्रॉनिक रूप से 250 किमी/घंटा तक सीमित रखी गई है
Mercedes-Benz ने भारत में अपनी फ्लैगशिप लग्जरी सेडान S-Class का नया प्लग-इन हाइब्रिड वेरिएंट S 450 e लॉन्च कर दिया है। कंपनी का कहना है कि यह मौजूदा S-Class जनरेशन का अब तक का सबसे बड़ा मिड-लाइफ अपडेट है। इसकी कीमत Launch Edition के लिए 2.20 करोड़ रुपये और Manufaktur Edition के लिए 2.38 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है।
बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि डिलीवरी 2026 की अंतिम तिमाही में शुरू होगी। नई Mercedes-Benz S 450 e में 3.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर का कॉम्बिनेशन दिया गया है। दोनों मिलकर 435 एचपी की पावर और 680 Nm का टॉर्क पैदा करते हैं। इस लग्जरी सेडान की सबसे बड़ी खासियत इसकी इलेक्ट्रिक ड्राइविंग क्षमता है।
इसमें 22 kWh की लिथियम-आयन बैटरी और 120 kW की इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो अकेले 163 एचपी की पावर और 440 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। Mercedes-Benz के अनुसार, यह कार केवल इलेक्ट्रिक मोड में लगभग 115 किमी (WLTP) तक चल सकती है, जिससे रोजमर्रा की ड्राइव बिना पेट्रोल खर्च किए पूरी की जा सकती है।

बैटरी चार्ज खत्म होने पर 3.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन काम करना शुरू कर देता है। यह इंजन अकेले 326 एचपी की पावर और 540 Nm का टॉर्क देता है। इसे 9-स्पीड 9G-Tronic ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। नई S 450 e सिर्फ 5.7 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड इलेक्ट्रॉनिक रूप से 250 किमी/घंटा तक सीमित है।
डिजाइन की बात करें तो Mercedes-Benz ने S-Class में 2,700 से ज्यादा पार्ट्स को नया या अपडेट किया है। इसमें नया बड़ा इल्यूमिनेटेड ग्रिल, 3D क्रोम डिटेलिंग और माइक्रो-LED हेडलाइट्स दी गई हैं। कंपनी का दावा है कि हाई-बीम की रोशनी अब 600 मीटर तक पहुंच सकती है। पीछे की तरफ ट्रिपल-स्टार डिजाइन वाले नए टेललैंप्स दिए गए हैं।

केबिन में नई MB.OS आर्किटेक्चर दी गई है, जो इंफोटेनमेंट, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और कार के अन्य फंक्शंस को एक प्लेटफॉर्म पर जोड़ती है। इसमें MBUX Superscreen, AI आधारित वॉयस असिस्टेंट, Google Maps नेविगेशन और नया यूजर इंटरफेस मिलता है। नई S 450 e में एयर सस्पेंशन स्टैंडर्ड दिया गया है।
साथ ही रियर-व्हील स्टीयरिंग भी मिलता है, जो स्टैंडर्ड रूप में 4.5 डिग्री और वैकल्पिक रूप से 10 डिग्री तक मुड़ सकता है।इससे तंग जगहों पर कार को मोड़ना काफी आसान हो जाता है। सस्पेंशन सिस्टम क्लाउड-आधारित डेटा की मदद से सड़क की खराब सतह का पहले से अनुमान लगाकर खुद को एडजस्ट भी कर सकता है।
सुरक्षा के मामले में भी यह कार खास है। भारत में पहली बार S-Class को 15 एयरबैग्स के साथ पेश किया गया है। इसके अलावा इसमें एडवांस्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन सिस्टम, प्री-सेफ सीटबेल्ट टेंशनिंग और कई अन्य सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं। नई S 450 e के साथ Mercedes-Benz अब अपने लग्जरी पोर्टफोलियो में पेट्रोल, पूरी तरह इलेक्ट्रिक और प्लग-इन हाइब्रिड तीनों तरह के पावरट्रेन विकल्प ग्राहकों को उपलब्ध करा रही है।