मारुति सुजुकी और टोयोटा भारत में आने वाले हफ्तों में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार को लॉन्च करेंगी
भारत में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) सेगमेंट तेजी से बढ़ रहा है, जिसका मुख्य कारण नए मॉडलों की लगातार लॉन्चिंग है। साल 2026 में मारुति सुजुकी और टोयोटा की पहली इलेक्ट्रिक कार के साथ-साथ टाटा मोटर्स की कुछ इलेक्ट्रिक कारें भी बाजार में लॉन्च होंगी। यहाँ हम 2026 में लॉन्च होने वाली मारुति, टोयोटा और टाटा की आने वाली इलेक्ट्रिक कारों के बारे में बता रहे हैं।
1. Maruti Suzuki e Vitara

मारुति सुजुकी ने पुष्टि की है कि ई-विटारा को 2026 की पहली तिमाही में लॉन्च किया जाएगा और इसके आने वाले हफ्तों में बिक्री शुरू होने की संभावना है। कंपनी की यह पहली इलेक्ट्रिक कार दिसंबर 2025 में आधिकारिक तौर पर पेश की गई थी। यह ईवी तीन वेरिएंट डेल्टा, ज़ेटा और अल्फा में उपलब्ध होगी। इसमें 49 kWh और 61 kWh के दो बैटरी पैक विकल्प मिलेंगे, जिनकी ARAI द्वारा दावा की गई रेंज एक बार चार्ज करने पर 543 किलोमीटर तक होगी। Heartect-e प्लेटफॉर्म पर आधारित इस कार का भारत-स्पेक मॉडल सिर्फ फ्रंट-व्हील ड्राइव में आएगा। 61 kWh बैटरी के साथ इसमें 172 बीएचपी की पावर और 193 Nm का टॉर्क मिलेगा।
2. Toyota Urban Cruiser Ebella

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने हाल ही में भारतीय बाजार में अर्बन क्रूज़र एबेला से पर्दा उठाया है। यह टोयोटा की पहली इलेक्ट्रिक कार है, जो असल में मारुति सुजुकी ई-विटारा का बैज-इंजीनियर्ड वर्जन है, हालांकि इसका एक्सटीरियर डिजाइन थोड़ा ज्यादा शार्प और अलग है। इंटीरियर और फीचर्स लगभग वही रखे गए हैं। अर्बन क्रूज़र एबेला को E1, E2 और E3 के साथ तीन वेरिएंट्स में पेश किया जाएगा। इसमें 48.8 kWh और 61.1 kWh बैटरी पैक विकल्प मिलेंगे, जिनकी दावा की गई रेंज भी 543 किलोमीटर तक होगी।
3. Tata Sierra EV

टाटा मोटर्स 2026 की पहली तिमाही में सिएरा ईवी को भारतीय बाजार में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का एक्सटीरियर डिजाइन पहले ही सामने आ चुका है। यह ICE सिएरा से अलग दिखती है और इसके फ्रंट में ब्लैंक्ड-ऑफ ग्रिल दी गई है। ARGOS प्लेटफॉर्म पर आधारित सिएरा ईवी में ऑल-व्हील ड्राइव का विकल्प भी मिल सकता है। इसके पावरट्रेन से जुड़ी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें कर्व ईवी का 55 kWh बैटरी पैक और हैरियर ईवी का 65 kWh बैटरी पैक मिल सकता है। इसकी रेंज एक बार चार्ज करने पर करीब 500 किलोमीटर तक हो सकती है।
4. 2026 Tata Tiago EV Facelift

टाटा मोटर्स अपनी सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कार टियागो ईवी का फेसलिफ्ट मॉडल तैयार कर रही है, जिसे 2022 में लॉन्च किया गया था। हाल ही में इसे टेस्टिंग के दौरान पहली बार देखा गया है और इसे 2026 के मध्य तक लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। फेसलिफ्ट मॉडल में एक्सटीरियर में हल्के बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जिनमें नए बंपर, फ्रंट ग्रिल और हेडलैंप शामिल होंगे। केबिन के अंदर फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और नई अपहोल्स्ट्री मिलने की संभावना है। इसमें पहले जैसे ही 19.2 kWh (मीडियम रेंज) और 24 kWh (लॉन्ग रेंज) बैटरी विकल्प मिलेंगे।
5. Tata Avinya Sportback

टाटा अविन्या नेमप्लेट को 2026 के अंत तक भारतीय बाजार में लॉन्च किए जाने की पुष्टि हो चुकी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अविन्या रेंज की पहली कार एक स्टाइलिश स्पोर्टबैक डिजाइन के साथ आएगी। यह जगुआर लैंड रोवर के Electrified Modular Architecture (EMA) प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जो एक एडवांस्ड इलेक्ट्रिक स्केटबोर्ड प्लेटफॉर्म है। इसके बारे में ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन अविन्या स्पोर्टबैक प्रीमियम ईवी सेगमेंट को टारगेट करेगी और हुंडई आयोनिक 5 व किआ EV6 जैसी कारों को टक्कर देगी। इसकी एक बार चार्ज पर रेंज 600 किलोमीटर से ज्यादा होने की उम्मीद है।