
मारुति सुजुकी अगले कुछ वर्षों में अलग-अलग बजट और सेगमेंट में कई नई कारें लाने की तैयारी कर रही है
मारुति सुजुकी छोटे कार सेगमेंट में इलेक्ट्रिक और नई तकनीक पर ज्यादा ध्यान दे रही है। अब वह सिर्फ पुराने मॉडल्स में हल्के बदलाव नहीं करना चाहती, बल्कि पूरी तरह नई और सस्ती कारें लाने की तैयारी में है। इन कारों में हाइब्रिड तकनीक, वैकल्पिक ईंधन और इलेक्ट्रिक विकल्प मिल सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, मारुति सुज़ुकी हैचबैक, कॉम्पैक्ट SUV और MPV सेगमेंट में कई नए मॉडल्स पर काम कर रही है।
इनमें सबसे ज्यादा चर्चा एक कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार की है, जो eWX कॉन्सेप्ट से प्रेरित होगी। यह छोटी EV रोज़मर्रा के इस्तेमाल को ध्यान में रखकर तैयार की जाएगी, जिसमें बॉक्सी डिज़ाइन के ज़रिये केबिन स्पेस को ज्यादा से ज्यादा बढ़ाया जाएगा, जबकि साइज शहर के अनुकूल रखा जाएगा। एंट्री-लेवल EV के तौर पर यह मारुति सुज़ुकी की अब तक की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कार बन सकती है।
इसके साथ ही कंपनी एक नई माइक्रो SUV पर भी काम कर रही है, जो तेजी से बढ़ते सब-कॉम्पैक्ट सेगमेंट में उतरेगी। इसे टाटा पंच और हुंडई एक्सटर जैसे मॉडल्स को टक्कर देने के लिए तैयार किया जाएगा। इस 5-सीटर एसयूवी में रग्ड स्टाइलिंग देखने को मिल सकती है, जबकि कीमत को काबू में रखने के लिए हाइब्रिड तकनीक का सहारा लिया जा सकता है, जिससे माइलेज भी बेहतर होगी।

मारुति सुज़ुकी एक नई कॉम्पैक्ट MPV पर काम कर रही है, जिसे अर्टिगा से नीचे रखा जाएगा। हैचबैक सेगमेंट की बात करें तो अगली पीढ़ी की बलेनो पर भी काम चल रहा है, जिसकी लॉन्चिंग 2027 के आसपास हो सकती है। नई बलेनो में बदला हुआ एक्सटीरियर, ज्यादा प्रीमियम इंटीरियर और स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम मिलने की उम्मीद है, जो मारुति के Z-सीरीज पेट्रोल इंजन पर आधारित हो सकता है।
फ्रॉन्क्स का अपडेट भी सिर्फ मामूली फेसलिफ्ट नहीं होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें मैकेनिकल और फीचर लेवल पर बड़े बदलाव किए जा सकते हैं, जो अंतरराष्ट्रीय मॉडल्स के अनुरूप होंगे। भारत में पहली बार इसमें ADAS जैसे एडवांस फीचर्स दिए जा सकते हैं और आगे चलकर माइल्ड हाइब्रिड की जगह ज्यादा दमदार इन-हाउस हाइब्रिड टेक्नोलॉजी भी मिल सकती है।

इसके अलावा, मारुति सुज़ुकी पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों के लिए एक बिल्कुल नई एंट्री-लेवल कार तैयार कर रही है। यह किफायती और ज्यादा माइलेज देने में सक्षम होगी, जिसमें CNG, फ्लेक्स-फ्यूल और हाइब्रिड पेट्रोल जैसे विकल्प मिलने की संभावना है। कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक SUV e Vitara अगले महीने लॉन्च होने वाली है, जिसके बाद 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में Heartect-e प्लेटफॉर्म पर आधारित एक मिडसाइज़ इलेक्ट्रिक MPV भी आ सकती है, जिसकी रेंज 500 किमी से ज्यादा होने की उम्मीद है।