भारत में Maruti Swift लिमिटेड एडिशन हुई लॉन्च, कीमत 5.43 लाख से शुरू

मारुति स्विफ्ट का नया एडिशन काफी स्पोर्टी है और इसमें कंपनी ने डिजाइन के साथ कैबिन में कॉस्मेटिक अपडेट किए हैं, जिससे यह देखने में अधिक स्टाइलिश लगती है

घरेलू निर्माता मारूति सुजुकी (Maruti Suzuki) के पोर्टफोलियो में मारुति सुजुकी स्विफ्ट (Maruti Suzuki Swift) अब तक की सबसे सफल कारों में से एक है और यह लगभग 14 सालों से भारत की सड़कों पर हैं। यह कार भारत में तीन बार इंडियन कार ऑफ द ईयर (ICOTY) अवार्ड की विजेता रही है और पिछले कई वर्षों में देश के सबसे ज्यादा बिकने वाले यात्री वाहन रहा है।

सितम्बर 2020 में मारूति सुजुकी स्विफ्ट देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनकर उभरी है और अब तक इस कार की 23 लाख यूनिट से ज्यादा बिक्री हो चुकी है। कंपनी ने फेस्टिव सीजन को ध्यान में ऱखते हुए इस कार लिमिटेड एडिशन लॉन्च किया है।

आपको बता दें कि स्विफ्ट लिमिटेड एडिशन सभी वेरिएंट में उपलब्ध है और खरीदारों को लुभाने के लिए कार के एक्सटीरियर की स्टाइलिंग के साथ ही केबिन में कॉस्मेटिक अपग्रेड की गई है। कंपनी ने एक्सटीरियर और केबिन को अपग्रेड करने के साथ ही कार की कीमत में 24,000 रुपये की बढ़ोतरी की है।

इस तरह Swift के LXI ट्रिम लिमिटेड एडिशन की एक्स-शोरूम कीमत लगभग 5.43 लाख रुपये है, जबकि ZXI प्लस AMT स्पेशल एडिशन के लिए इसकी एक्स-शोरूम कीमत 8.26 लाख रुपये तक जाती है। स्विफ्ट लिमिटेड एडिशन रेगुलर स्विफ्ट से अलग दिखती है और सड़कों पर अपनी एक अलग और खास मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश करती है।

स्पेशल एडिशन में ऑल-ब्लैक कलर थीम का इस्तेमाल किया गया है और इसे एरोडायनामिक स्पॉइलर और बॉडी-साइड मोल्डिंग के अलावा ग्रिल, टेल लैंप और फॉग लैंप पर ऑल-ब्लैक गार्निश मिलता है, जबकि इंटीरियर में स्पेशल एडिशन में स्पोर्टी सीट कवर दी गई है जो पहले से मौजूद गोल डायल और फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील के साथ बेहतर लुक देती है।

कार के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है और इस कार में BS6 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 83PS की पावर और 113Nm का टार्क जेनरेट करता है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स के विकल्प के साथ आता है। स्विफ्ट का पेट्रोल वेरिएंट 21.21 किमी प्रति लीटर का माइलेज देने में सक्षम है।