
Maruti Suzuki अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV e Vitara को लॉन्च करने के बाद अब अपने इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में एक नई एमपीवी जोड़ने जा रही है
मारुति सुजुकी भारतीय बाजार में कई नई कारों को लॉन्च करने की योजना बना रही है। हाल ही में एक नई कार को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है और तस्वीरों से संकेत मिल रहे हैं कि यह मारुति सुजुकी की आने वाली नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV होगी। हालांकि कार को पूरी तरह से कवर किया गया है, लेकिन इसके बावजूद इसका बॉक्सी MPV डिजाइन साफ नज़र आता है।
इस MPV में लंबा व्हीलबेस, बड़ा रियर ओवरहैंग और चौड़ा बूट ओपनिंग देखने को मिलता है। सामने की तरफ बंद ग्रिल दी गई है, जो इसके इलेक्ट्रिक पावरट्रेन होने का संकेत देती है। इसके साथ स्लिम हेडलैंप सेटअप भी नज़र आता है। साइड प्रोफाइल में ऊंची रूफलाइन और तीनों रो के लिए बड़ा ग्लास एरिया दिखाई देता है, जबकि पीछे की तरफ चौकोर डिजाइन और वर्टिकल टेललैंप्स दिए गए हैं। इसकी लंबाई करीब 4.5 मीटर हो सकती है।
मारुति सुजुकी ने कुछ महीने पहले ही अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV e Vitara को लॉन्च किया था और YMC कंपनी के EV विस्तार का अगला बड़ा कदम साबित हो सकती है। उम्मीद की जा रही है कि यह इलेक्ट्रिक MPV 2026 के आखिर तक या 2027 की शुरुआत में लॉन्च हो सकती है। इससे कंपनी मिड-साइज 7-सीटर इलेक्ट्रिक सेगमेंट में मजबूत पकड़ बना सकेगी।

YMC को टोयोटा के साथ मिलकर विकसित किया जा सकता है, जैसा कि e Vitara और जल्द आने वाली Toyota Urban Cruiser Ebella के साथ किया गया है। संभावना है कि यह एमपीवी e Vitara के प्लेटफॉर्म और पावरट्रेन कंपोनेंट्स को साझा करेगी। इसका उत्पादन गुजरात स्थित मारुति सुजुकी प्लांट में हो सकता है, जहाँ e Vitara भी बनाई जाएगी।
कॉमन प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने से लागत कम रखने और बड़े स्तर पर उत्पादन में मदद मिलेगी। यही वजह है कि मारुति सुजुकी YMC की कीमत किआ कैरेंस Clavis EV से कम रख सकती है ताकि ज्यादा फैमिली खरीदारों को आकर्षित किया जा सके।MG Windsor EV भी इस MPV के लिए एक बड़ा रेफरेंस पॉइंट हो सकती है, क्योंकि उसने यह साबित किया है कि ज्यादा स्पेस और प्रैक्टिकलिटी वाले इलेक्ट्रिक वाहनों की अच्छी मांग मौजूद है।

Ertiga और XL6 जैसी MPVs के जरिए मारुति सुजुकी पहले से ही इस सेगमेंट में मजबूत पकड़ रखती है, जिसका फायदा YMC को मिल सकता है। संभावना है कि YMC में वही 49 kWh और 61 kWh बैटरी पैक दिए जाएंगे जो e Vitara में मिलेंगे। कंपनी दावा कर सकती है कि यह MPV एक बार चार्ज करने पर 500 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज दे सकेगी।