मारुति सुजुकी अगले 3 सालों में अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करेगी, जिसके तहत 9 नई कारें लॉन्च होंगी जिनमें एसयूवी, इलेक्ट्रिक वाहन आदि शामिल होंगे
मारुति सुजुकी भारत में अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का बड़ा विस्तार करने की तैयारी कर रही है। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी अगले तीन सालों में 9 नई करो को लॉन्च करने की योजना बना रही है, जिनमें से 7 के एसयूवी होने की संभावना है।एसयूवी सेगमेंट फिलहाल भारतीय बाजार में सबसे लोकप्रिय है और कुल बिक्री में इसकी हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है।
हालांकि मारुति सुजुकी को Fronx, Brezza और Grand Vitara जैसी SUVs के साथ अच्छी सफलता मिली है, लेकिन हुंडई, महिंद्रा, टाटा मोटर्स, किआ और टोयोटा जैसी कंपनियों से लगातार टक्कर मिल रही है। इसी को देखते हुए कंपनी अपने उत्पादों की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रही है। कंपनी जिन नए मॉडलों पर काम कर रही है, उनमें YMC कोडनेम वाली एक नई इलेक्ट्रिक एमपीवी भी शामिल है।
यह मारुति सुजुकी की दूसरी इलेक्ट्रिक कार होगी और इसके e Vitara वाले प्लेटफॉर्म पर आधारित होने की उम्मीद है। यह इलेक्ट्रिक MPV भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही है और इसका मुकाबला किआ कैरेंस Clavis EV जैसी गाड़ियों से होगा। इसमें ज्यादा स्पेस, बेहतर प्रैक्टिकैलिटी और प्रीमियम फीचर्स मिलने की संभावना है।

कंपनी Baleno और Brezza के फेसलिफ्ट वर्जन पर भी काम कर रही है। इसके अलावा कंपनी एक नई कॉम्पैक्ट एसयूवी पर भी काम कर रही है, जो हाल ही में बंद हुई इग्निस की जगह लेगी। साथ ही कई फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल भी विकासाधीन हैं। मारुति सुजुकी अपने उत्पादन को तेजी से बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी का लक्ष्य FY27 में करीब 28.2 लाख वाहन बनाने का है, जबकि FY26 में उसने लगभग 23.1 लाख वाहनों का उत्पादन किया था।
अगर यह लक्ष्य हासिल होता है, तो कंपनी का उत्पादन करीब 22 प्रतिशत बढ़ जाएगा, जो हाल के वर्षों में मारुति सुजुकी की सबसे बड़ी वार्षिक उत्पादन वृद्धि में से एक होगी। जब तक नए मॉडल बाजार में नहीं आते, तब तक मारुति सुजुकी की मौजूदा लोकप्रिय गाड़ियां बिक्री का मुख्य आधार बनी रहेंगी। FY27 में कंपनी का फोकस मुख्य रूप से Fronx, Baleno, Ertiga, Grand Vitara, Swift और WagonR जैसे मॉडलों पर रहेगा।

Fronx देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली SUVs में शामिल हो चुकी है, जबकि ग्रैंड विटारा मिडसाइज SUV सेगमेंट में मजबूत प्रदर्शन कर रही है। वहीं Ertiga MPV सेगमेंट की सबसे लोकप्रिय गाड़ियों में से एक है और बलेनो, स्विफ्ट और WagonR हैचबैक सेगमेंट में लगातार मजबूत बिक्री दर्ज कर रही हैं।
मारुति सुजुकी आने वाले वर्षों में ऐसे बाजार की तैयारी कर रही है, जहाँ SUVs, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण होने वाली है। 7 नई SUVs, एक नई इलेक्ट्रिक MPV और उत्पादन बढ़ाने की बड़ी योजना से साफ है कि मारुति सुजुकी आने वाले वर्षों में अपने कारोबार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी कर रही है।