मारुति सुजुकी XL6 फेसलिफ्ट टेस्टिंग के दौरान आई नजर

मारूति सुजुकी XL6 फेसलिफ्ट को हाल ही में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है जिससे उम्मीद है कि देश में आने वाले महीनों में इसे लॉन्च किया जाएगा

एर्टिगा और एक्सएल6 एमपीवी सेगमेंट में जाना पहचाना नाम है। एर्टिगा के आने से पहले मारुति सुजुकी की इस सेगमेंट में कोई मौजूदगी नहीं थी, लेकिन आज वे एमपीवी सेगमेंट में अग्रणी स्थान पर हैं। एर्टिगा और XL6 की हर महीने भारत में लगभग 15,000 से अधिक यूनिट की बिक्री की जाती है। वहीं हाल ही में XL6 फेसलिफ्ट को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है।

हालांकि यह कार पूरी तरह से कवर से ढकी हुई थी। इसके बावजूद भी कार के बारे में बहुत कुछ जानकारी मिल रही है। तस्वीरों की मानें तो एक्सएल6 के केवल ग्रिल और अलॉय व्हील को बदला गया है, जबकि अन्य बॉडी पार्ट पहले की तरह हैं। मारुति एक्सएल6 का लुक एसयूवी की तरह बोल्ड है, जो कि काफी स्पोर्टी और प्रीमियम है। इसे कंपनी के हार्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर विकसित गया है।

वहीं इंटीरियर में XL6 फेसलिफ्ट को नई अपहोल्स्ट्री मिलेगी। गुणवत्ता के मामले में अन्य छोटे बदलाव भी हो सकते हैं। एक्सएल6 को फीचर्स के रूप में स्मार्टप्ले स्टूडियो इन्फोटेनमेंट सिस्टम, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, पुश बटन स्टार्ट/स्टॉप के साथ की-लेस एंट्री और रियर एसी वेंट्स आदि मिलते हैं। कार में यात्रियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया है और इसे ड्यूल फ्रंट एयरबैग्स, ईबीडी के साथ एबीएस, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट्स, रियर पार्किंग सेंसर्स, सीट बेल्ट रिमाइंडर और हाइस्पीड वॉर्निंग अलर्ट आदि स्टैंडर्ड के रूप में मिलते हैं। इसके अलावा ऑटोमेटिक वेरियंट को अतिरिक्त रूप से हिल होल्ड फंक्शन के साथ इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी प्रोग्राम (ESP) दिया गया है।

एक्सएल6 में नई क्वॉड-एलईडी हेडलाइट्स, एलईडी डीआरएल, नए शेप का बोनट और नई ग्रिल दी गई है। कार का बड़ा ग्रिल और प्लास्टिक क्लैडिंग के साथ दिया गया नए डिजाइन वाला बंपर इसके फ्रंट लुक को शानदार बनाता है। ग्रिल के बीच में लंबी क्रोम स्ट्रिप है, जो कि हेडलाइट यूनिट में दिए गए एलईडी डीआरएल (डेटाइम रनिंग लाइट्स) में मिलती है।

मारुति एर्टिगा पर आधारित एक्सएल6 एक 6-सीटर एमपीवी है, जिसे 2019 में भारत में लॉन्च के बाद मजबूत ग्राहक आधार मिला है। इस कार को पावर देने के लिए 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो कि माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक के साथ आता है। यह इंजन 103 बीएचपी की पावर और 138 न्यूटन मीटर का टार्क विकसित करता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 5-स्पीड मैनुअल और 4-स्पीड ऑटोमैटिक शामिल हैं।

जैसा कि सर्वविदित है कि टोयोटा भविष्य में भारतीय बाजार में मारूति सुजुकी की कई रिबैज कारों को लॉन्च करेगी, जिसमें सबसे प्रमुख रूप से मारूति सियाज़ को टोयोटा बेल्टा और मारूति एर्टिगा को टोयोटा रूमियन के रूप में पेश किया जाएगा। टोयोटा यहीं नहीं रूकना चाहती है, बल्कि प्रतीत होता है कि वह और भी मारूति रिबैज कारों को लॉन्च करने की योजना बना रही है। टोयोटा ने हाल ही में एर्टिगा के रिबैज वर्जन रूमियन का भी दक्षिण अफ्रीका में अनावरण किया है, जिसे कुछ महीनों में भारत में भी पेश किया जाएगा। प्रतीत होता है कि देश में केवल मारूति एर्टिगा के ही रिबैज वर्जन रूमियन को ही नहीं, बल्कि मारूति सुजुकी एक्सएल6 के भी रिबैज वर्जन को पेश किया जा सकता है।