मारूति सुजुकी के पास भविष्य में भारतीय बाजार के लिए एसयूवी रेंज में कई योजनाएं हैं, जो विभिन्न सेगमेंट और बॉडी स्टाइल में होंगी
मारुति सुजुकी भारतीय बाजार के लिए अपनी उत्पाद रणनीति को लेकर काफी आक्रामक है और कंपनी ने हाल ही में नई बलेनो, एर्टिगा फेसलिफ्ट और एक्सएल6 फेसलिफ्ट सहित कई नए उत्पादों को पेश किया है। एक नई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मारूति सुजुकी ने इस वित्त वर्ष में अपने सबसे बड़े उत्पाद को लॉन्च करने की योजना बनाई है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि इन दिनों मारूति सुजुकी की बाजार हिस्सेदारी में कुछ गिरावट आई है।
कंपनी अपनी खोई हुई बाजार हिस्सेदारी हासिल करने के लिए एसयूवी की एक नई रेंज पेश करेगी, जिसकी लंबाई 4 मीटर से नीचे और ऊपर दोनों है। कंपनी अगले कुछ महीनों में ब्रेज़ा के नए जेनरेशन को लॉन्च करेगी। इसके अलावा मारुति सुजुकी भारत के लिए एक नई मिड-साइज एसयूवी को पेश करने की योजना बना रही है, जबकि नई जिम्नी और बलेनो प्लेटफॉर्म पर आधारित एक नई क्रॉसओवर भी पाइपलाइन में है।
मारूति सुजुकी की आगामी मिड-साइज एसयूवी का कोडनेम YFG है, जिसे मारुति सुजुकी और टोयोटा के सहयोग द्वारा विकसित किया जा रहा है। टोयोटा भी इस एसयूवी को अपने बैज के तहत लॉन्च करेगी, जिसे फिलहाल टोयोटा D22 का कोडनेम दिया गया है। इस नए मॉडल का उत्पादन टोयोटा के बिदादी स्थित प्लांट में किया जाएगा। नई मारुति YFG टोयोटा के दाइहात्सु न्यू जेनरेशन आर्किटेक्चर (DNGA) प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जो टोयोटा रेज और नई अवांजा को भी रेखांकित करता है।
मारूति सुजुकी की यह एसयूवी टोयोटा के साथ केवल प्लेटफॉर्म ही नहीं, बल्कि पेट्रोल-हाइब्रिड इंजन भी साझा करेगी। इसके अलावा नई एसयूवी में मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ एक पेट्रोल इंजन भी मिलेगा। भारत में लॉन्च होने के बाद इस नई एसयूवी का मुकाबला हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, फ़क्सवैगन तैगुन, स्कोडा कुशाक और एमजी एस्टर जैसी कारों से होगा। वहीं कंपनी 2023 में देश में जिम्नी लाइफस्टाइल एसयूवी के भी लॉन्ग-व्हीलबेस वर्जन को पेश करने की योजना बना रही है, जिसका मुकाबला महिंद्रा थार और फोर्स गुरखा के आगामी 5-डोर वर्जन से होगा।
नई मारूति सुजुकी जिम्नी को पावर देने के लिए SHVS हाइब्रिड तकनीक के साथ 1.5-लीटर, K15C डुअल-जेट पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो एर्टिगा और एक्सएल6 को भी पावर देता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक शामिल होने की संभावना है। चूंकि यह 5-डोर वर्जन होगा, इसलिए वर्तमान में विदेशी बाजारों में बिक रहे 3-डोडर वर्जन के मुकाबले आकार में बड़ी होगी।
मारुति सुजुकी भारत के लिए एक कूप एसयूवी पर भी काम कर रही है, जिसका कोडनेम YTB है। इसकी लंबाई 4 मीटर से नीचे होगी और यह मूलरूप से 2020 ऑटो एक्सपो में पेश किए गए Futuro-e Concept का प्रोडक्शन वर्जन हो सकता है। यह मॉडल HEARTECT प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकता है और इसे नेक्सा डीलरशिप के जरिए बेचा जा सकता है, जो 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन द्वारा संचालित होगा।
इसके अलावा मारुति सुजुकी भारत में आने वाले सालों में एक नई तीन पंक्ति वाली फ्लैगशिप एसयूवी को भी पेश कर सकती है, जिसका मुकाबला हुंडई अलकाज़ार, एमजी हेक्टर प्लस और टाटा सफारी जैसी कारों से होगा। खबरों की मानें तो इसका कोडनेम Y17 है और इसके लिए एर्टिगा के प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा सकता है और यह खरीददारों के लिए 6-सीटर और 7-सीटर दोनों वर्जन में उपलब्ध हो सकती है।