मारुति सुजुकी वैगनआर एक्स्ट्रा एडिशन मूलतः वीएक्सआई वेरिएंट पर आधारित है, जिसमें एक्सेसरीज के एक नए सेट को जोड़ा गया है
मारुति सुजुकी वैगनआर कई सालों से भारतीय कार बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध है और यह हैचबैक कंपनी के लिए अब भी बेस्ट सेलिंग मॉडल में से एक बनी हुई है। कंपनी ने अपनी इस पेशकश को और भी आकर्षक बनाने के लिए मारुति वैगनआर एक्स्ट्रा एडिशन को लॉन्च किया है, जिसकी कीमत 5.13 रूपए से लेकर 6.06 लाख रुपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) तक तय की गई है।
वास्तव में वैगनआर का यह स्पेशल एडिशन वीएक्सआई वेरिएंट पर आधारित है, जिसमें एक्सेसरीज के एक नए सेट को जोड़ा गया है। अतिरिक्त एक्सेसरीज किट के साथ संबंधित रेग्यूलर वेरिएंट की कीमत के मुकाबले एक्स्ट्रा एडिशन की कीमत 23,000 रुपए ज्यादा है। कंपनी का मानना है कि वैगनआर एक्स्ट्रा एडिशन के ये अपडेट भारतीय बाजार में इस कार की लोकप्रियता को और भी बढ़ा सकते हैं।
देखने में एक्स्ट्रा एडिशन मॉडल स्टैंडर्ड वैगनआर लाइन-अप से अलग है और इसे कुछ कॉस्मेटिक अपग्रेड मिले हैं, जिसमें फ्रंट और रियर बम्पर प्रोटेक्टर, साइड स्कर्ट, व्हील आर्च क्लैडिंग, बॉडी साइड मोल्डिंग और फ्रंट ग्रिल, बैक डोर और नंबर प्लेट के लिए क्रोम गार्निश आदि शामिल है। कंपनी कार के साथ एक इंटीरियर स्टाइलिंग किट भी प्रदान कर रही है।

साथ ही एयर इनफ्लोटर, ट्रंक ऑर्गनाइज़र और कार चार्ज एक्सटेंडर भी उपलब्ध करा रही है। कंपनी ने कहा है कि ये एक्सेसरीज डीलर लेवल पर वीएक्सआई मॉडल्स में फिट की जाएंगी। वीएक्सआई एडिशन पर आधारित एक्स्ट्रा एडिशन मॉडल को स्प्लिट-फोल्डिंग रियर सीट्स, टिल्ट-एडजस्टेबल स्टीयरिंग, रिमोट लॉकिंग, 2-डीआईएन इंफोटेनमेंट सिस्टम और पावर एडजस्टेबल विंग मिरर जैसी स्टैंडर्ड सुविधाओं के साथ पेश किया गया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए मारुति ने इस वर्जन में एक डिजिटल एयर इनफ्लोटर, ट्रंक ऑर्गनाइज़र और एक कार चार्जर एक्सटेंडर को भी जोड़ा है, जबकि सेफ्टी फीचर्स के रूप में इसमें एबीएस, ईबीडी, रियर पार्किंग सेंसर, स्पीड अलर्ट सिस्टम, सीटबेल्ट रिमाइंडर और एक ड्राइवर एयरबैग है। हालांकि को-ड्राइवर के लिए एक एयरबैग केवल तभी उपलब्ध है, जब खरीददार वीएक्सआई (ओ) वर्जन का चुनाव करता है।

वैगनआर एक्स्ट्रा एडिशन को पावर देने के लिए रेग्यूलर मॉडल में ड्यूटी कर रहे 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ-साथ 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसमें पहला इंजन 67 पीएस की पावर और 90 एनएम का टॉर्क विकसित करता है, जबकि दूसरा इंजन 82 पीएस की पावर और 113 एनएम का टॉर्क विकसित करता है। दोनों इंजन के साथ ट्रांसमिशन विकल्पों में पांच-स्पीड मैनुअल और पांच-स्पीड एएमटी शामिल है।