Maruti Wagon R Bioflex की कीमत 7.24 लाख रुपये रखी गई है, जो पेट्रोल ZXi+ मैनुअल वेरिएंट से 86,000 रुपये महंगी है
मारुति सुजुकी ने अपनी नई Wagon R Bioflex पेश की है, जिसे इथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चलाने के लिए तैयार किया गया है। सामान्य Wagon R जहाँ कई वेरिएंट्स में निजी ग्राहकों के लिए उपलब्ध है, वहीं नई Bioflex केवल टॉप-स्पेक ZXi+ वेरिएंट पर आधारित है।
नई Wagon R Bioflex की कीमत 7.24 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। यह रेगुलर Wagon R ZXi+ मैनुअल वेरिएंट से 86,000 रुपये महंगी है। वहीं कमर्शियल Wagon R Tour H3 के मुकाबले इसकी कीमत करीब 2.2 लाख रुपये ज्यादा है। यह ज्यादा कीमत उन अतिरिक्त तकनीकी बदलावों और फ्लेक्स-फ्यूल सिस्टम की वजह से है, जो इसे इथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चलाने में सक्षम बनाते हैं।
डिजाइन की बात करें तो Wagon R Bioflex देखने में लगभग रेगुलर मॉडल जैसी ही है। इसमें वही टॉल-बॉय डिजाइन, ऊंची बॉडी और बड़ा केबिन मिलता है। हालांकि, इसे अलग पहचान देने के लिए बॉडी पर Bioflex बैजिंग और फ्लेक्स-फ्यूल ग्राफिक्स दिए गए हैं। केबिन में भी ZXi+ वेरिएंट वाले फीचर्स मिलते हैं। इसमें ड्यूल-टोन इंटीरियर, फैब्रिक सीट्स और मल्टी-फंक्शन स्टीयरिंग व्हील दिया गया है।

फीचर्स की सूची में 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, एंड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले सपोर्ट, 6 एयरबैग और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) शामिल हैं। इसके अलावा रियर पार्किंग सेंसर, फ्रंट फॉग लैंप, रियर AC वेंट्स और 4-स्पीकर ऑडियो सिस्टम भी मिलता है। मारुति ने इस मॉडल को खासतौर पर कंपनियों, फ्लीट ऑपरेटर्स और व्यावसायिक इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया है।
इंजन की बात करें तो इसमें 1.2-लीटर K-Series 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है। ज्यादा इथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन पर चलाने के लिए कंपनी ने इसमें कई तकनीकी बदलाव किए हैं। इसमें नए फ्यूल इंजेक्टर्स, अपग्रेडेड फ्यूल पंप, खास फ्यूल लाइन्स और इथेनॉल डिटेक्शन सेंसर लगाया गया है। साथ ही इंजन मैनेजमेंट सिस्टम (ECU) को भी नए सिरे से कैलिब्रेट किया गया है।
हालांकि Bioflex वर्जन की पावर और टॉर्क के आधिकारिक आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं, लेकिन रेगुलर Wagon R का यही 1.2-लीटर इंजन 91 एचपी की पावर और 114 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स स्टैंडर्ड दिया गया है।