मारुति सुजुकी विटारा ब्रेज़ा ने पिछले महीने 7,807 यूनिट्स की बिक्री की, जबकि जुलाई 2019 में यह केवल 5,302 यूनिट्स थी
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (Maruti Suzuki India Limited) की बिक्री जुलाई 2020 में शानदार रही और कंपनी ने एक लाख से भी ज्यादा यूनिट की बिक्री की है। कंपनी की लिस्ट में लगातार दो महीने से ऑल्टो देश की सबसे ज्यादा बिकने वाले मॉडल के रूप में उभरी है और इग्निस, बलेनो और विटारा ब्रेज़ा ने सकारात्मक बिक्री दर्ज की है।
कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में भी कंपनी ने अपना दबदबा कामयाब रखा है और विटारा ब्रेजा (Maruti Suzuki Vitara Brezza) ने सेगमेंट का नेतृत्व किया है। जुलाई 2020 में कंपनी ने विटारा ब्रेजा की कुल 7,807 यूनिट की बिक्री की है, जबकि 2019 में इसी महीने के दौरान यह 5,302 यूनिट थी, जिसमें 47 प्रतिशत की भारी वृद्धि हुई है।
कॉम्पैक्ट एसयूवी में मारुति सुजुकी विटारा ब्रेज़ा और दूसरे स्थान पर रहने वाली हुंडई वेन्यू के बीच का केवल 73 यूनिट का अंतर रहा। वेन्यू की जुलाई में 6,734 यूनिट बिकी। इसके बाद नेक्सन की 4,327 यूनिट्स बिकीं, जो जुलाई 2019 में 3,344 यूनिट्स थी। चौथे स्थान पर रहने वाली महिंद्रा XUV 300 इस लिस्ट में नंबर 4 पर रही और 2519 यूनिट बिकी।

फोर्ड की ईकोस्पोर्ट टॉप 5 में जगह बनाने में कामयाब रही। इस कार की 2,438 यूनिट जुलाई 2020 में बिकीं। होंडा की WRV ने 733 यूनिट के साथ छठी पोजीशन पर रही। महिंद्रा TUV 300 की इस महीने एक भी यूनिट नहीं बिकी, वहीं पिछले साल जुलाई में इस कार की 1,222 यूनिट बिकी थीं।
पावर देने के लिए इस कार में लाइट-हाइब्रिड तकनीक के साथ नए 1.5-लीटर बीएस6 4-सिलेंडर K15B पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया गया है, जबकि प्री-फेसलिफ्ट मॉडल 1.3-लीटर DDiS 200 डीजल इंजन के साथ था। यह पॉवरट्रेन सियाज, एर्टिगा और एक्सएल 6 में भी ड्यूटी पर है और आने वाले दिनों में एस-प्रेसो को भी प्राप्त होगा। यह मोटर 104.7 पीएस की अधिकतम पावर और 138 एनएम का पीक टॉर्क जेनरेट करती है।

ट्रांसमिशन में स्टैंडर्ड के रूप में 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है, जबकि 4-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक को एक विकल्प के रूप में पेश किया गया है। कार के केवल एटी वेरिएंट को SHVS तकनीक मिली है। कंपनी का दावा है कि इस कार की फ्यूल इकोनमी 18.76 किमी प्रति लीटर है, जबकि नॉन-SHVS पेट्रोल/मैनुअल एडिशन की इकोनमी 17.03 किमी प्रति लीटर है।
कंपनी ने नई विटारा ब्रेजा फेसलिफ्ट को ऑटो एक्सपो 2020 में शोकेश किया था। इस कार को एक ओर जहां कई नए फीचर्स मिले हैं, वहीं कई विजुअल अपडेट भी देखें जा सकते हैं। इसके प्रमुख फीचर्स में ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी, ऑटोमेटिक क्लाइमेट कंट्रोल के साथ टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम शामिल है। यह कॉम्पैक्ट SUV ग्राहकों के लिए LXi, VXi, ZXi और ZXi Plus ट्रिम्स में उपलब्ध है, जिसकी कीमत 7.34 लाख रूपए और 11.41 लाख (एक्स-शोरूम) रूपए है।