Maruti Suzuki Victoris सेफ़्टी के मामले में अव्वल – Global NCAP से मिली 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग

Maruti Suzuki Victoris को एडल्ट यात्री सुरक्षा में 34 में से 33.72 अंक और चाइल्ड यात्री सुरक्षा में 49 में से 41.00 अंक मिले हैं

मारुति सुजुकी की नई मिडसाइज़ एसयूवी विक्टोरिस ने हाल ही में हुए भारत NCAP क्रैश टेस्ट में 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की थी और अब इस एसयूवी ने ग्लोबल NCAP क्रैश टेस्ट में भी 5-स्टार सेफ़्टी रेटिंग हासिल की है। इसका मतलब है कि विक्टोरिस अब भारतीय ग्राहकों के लिए सबसे सुरक्षित गाड़ियों में से एक है और मारुति सुजुकी की अब तक की सबसे सुरक्षित कारों में गिनी जाएगी।

एडल्ट यात्री सुरक्षा श्रेणी में, विक्टोरिस ने 34 में से 33.72 अंक प्राप्त किए। क्रैश टेस्ट के आंकड़ों से पता चला कि ड्राइवर और यात्री के सिर, गर्दन और घुटनों की सुरक्षा को लगातार अच्छा माना गया। ड्राइवर की छाती की सुरक्षा को पर्याप्त रेटिंग मिली, जबकि यात्री की छाती की सुरक्षा को अच्छा माना गया है।

क्रैश टेस्ट में विक्टोरिस ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। निचले पैरों की सुरक्षा मज़बूत पाई गई, ड्राइवर के दाहिने पैर (टिबिया) पर मध्यम असर दर्ज हुआ। सबसे अहम बात यह है कि कार का बॉडीशेल और फुटवेल एरिया दोनों “स्टेबल” पाए गए, यानी कार की संरचना ज़्यादा दबाव और झटकों को भी झेल सकती है। बच्चों की सुरक्षा में भी यह SUV आगे रही और इसने 49 में से 41 अंक हासिल किए, जो इसके मज़बूत रेस्ट्रेंट सिस्टम और क्रैश प्रोटेक्शन की वजह से संभव हुआ।

Maruti Victoris Global Ncap Crash

क्रैश टेस्ट में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विक्टोरिस ने शानदार प्रदर्शन किया। टेस्ट में 18 महीने और 3 साल के बच्चों के डमी को Britax Dualfix + Vario Base चाइल्ड सीट में पीछे की ओर बिठाया गया। सीट को ISOFIX एंकरेज और सपोर्ट लेग से लगाया गया था। फ्रंट और साइड इम्पैक्ट दोनों टेस्ट में इन सीटों ने बच्चों को पूरी तरह सुरक्षित रखा। विक्टोरिस को डायनेमिक टेस्टिंग में पूरे 24/24 अंक और CRS इंस्टॉलेशन में 12/12 अंक मिले।

इस 5-सीटर कार ने साइड इम्पैक्ट असेसमेंट में भी अच्छा प्रदर्शन किया। मूवेबल डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में, सिर, पेट और श्रोणि के लिए सुरक्षा को अच्छा माना गया, जबकि छाती को पर्याप्त माना गया। साइड पोल टेस्ट में, सिर और छाती सहित शरीर के सभी हिस्सों को अच्छी रेटिंग मिली। इससे साफ हो गया कि विक्टोरिस एक मज़बूत बॉडी वाली और अच्छी तरह सुरक्षित एसयूवी है, जो यात्रियों को भरोसेमंद सुरक्षा देती है।

Maruti Victoris Global Ncap Crash (2)

सुरक्षा सहायता के मामले में, विक्टोरिस कई सुविधाओं से लैस है। स्टैंडर्ड उपकरणों में इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), सभी सीटों के लिए सीट बेल्ट रिमाइंडर (SBR), और बच्चों की सीटों के लिए ISOFIX एंकरेज शामिल हैं। विक्टोरिस में एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) भी दिया गया है। इसमें ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग (AEB) है, जो शहर, हाईवे और पैदल यात्री जैसी स्थितियों में खुद से ब्रेक लगाता है। साथ ही, इसमें लेन असिस्ट और स्पीड असिस्ट सिस्टम भी मौजूद हैं।