Maruti Suzuki Victoris बनी 1 लाख ग्राहकों की पसंद, महज 8 महीनों में हासिल की बड़ी उपलब्धि

मारुति सुजुकी Victoris एसयूवी को माइल्ड-हाइब्रिड पेट्रोल, CNG और स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड इंजन विकल्पों के साथ खरीदा जा सकता है

मारुति सुजुकी की नई मिडसाइज एसयूवी Victoris ने लॉन्च के कुछ ही महीनों में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। सितंबर 2025 में बाजार में आने के बाद से लेकर मई 2026 तक इस SUV की 1,00,144 यूनिट्स बिक चुकी हैं। इस तरह Victoris कंपनी के सबसे तेजी से लोकप्रिय होने वाले मॉडलों में शामिल हो गई है।

यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि Victoris ऐसे सेगमेंट में उतरी, जहाँ पहले से कई मजबूत प्रतिद्वंद्वी मौजूद हैं। इसके बावजूद इस एसयूवी ने कम समय में ग्राहकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बना ली है। त्योहारों के सीजन में मिली जबरदस्त मांग और 2026 की शुरुआत में लगातार अच्छी बिक्री ने इसे एक साल पूरा होने से पहले ही 1 लाख बिक्री के आंकड़े तक पहुंचा दिया।

सितंबर 2025 में लॉन्च के महीने में Victoris की 4,261 यूनिट्स बिकी थीं। इसके बाद अक्टूबर में बिक्री बढ़कर 13,496 यूनिट्स तक पहुंच गई। नवंबर में 12,300 यूनिट्स की बिक्री दर्ज हुई, जबकि दिसंबर में यह आंकड़ा 6,210 यूनिट्स रहा। 2026 की शुरुआत के साथ मांग फिर तेज हुई और जनवरी में Victoris ने अपना अब तक का सबसे बेहतरीन मासिक प्रदर्शन करते हुए 15,240 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की।

Maruti Victoris (10)

फरवरी में 13,021 यूनिट्स, मार्च में 11,062 यूनिट्स और अप्रैल में 13,701 यूनिट्स की बिक्री हुई। मई 2026 में भी इस एसयूवी की 10,853 यूनिट्स बिकीं और यह मिडसाइज SUV सेगमेंट में तीसरे स्थान पर रही। खास बात यह रही कि इसने अपनी ही कंपनी की ग्रैंड विटारा को भी पीछे छोड़ दिया। Victoris की सफलता का एक प्रमुख कारण इसकी आकर्षक कीमत और सही मार्केट पोजिशनिंग मानी जा रही है।

यह पहली बार SUV खरीदने वाले ग्राहकों के साथ-साथ हैचबैक से अपग्रेड करने वाले ग्राहकों को भी आकर्षित कर रही है। मारुति सुजुकी Victoris में कंपनी का भरोसेमंद 1.5-लीटर K15C नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन करीब 103 एचपी की पावर और 137 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसके साथ 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है।

Maruti Suzuki Victoris

इस पावरट्रेन में माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक भी दी गई है। वहीं कम रनिंग कॉस्ट चाहने वाले ग्राहकों के लिए फैक्ट्री-फिटेड CNG विकल्प भी उपलब्ध है। इसके अलावा 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन भी मिलता है, जो ARAI के अनुसार 28.65 किमी/लीटर तक की माइलेज देने में सक्षम है।

वेरिएंट के अनुसार Victoris में बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, वायरलेस चार्जर, क्रूज कंट्रोल, 360-डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, ADAS, AWD सिस्टम और पैनोरैमिक सनरूफ जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं।